
जयपुर।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर शहरभर में पौधारोपण किया गया। यूनिवर्सिटी, अस्पतालों, स्कूलों व पर्यटन स्थलों पर भी पौधारोपण किया गया। लोगों ने पौधे लगा, उनकी देखभाल का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से जूट के धागे से निर्मित 200 थैले वितरित किए गए।

राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, द्रव्यगुण विभाग एवं राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की ओर से कई कार्यक्रम जोरावरसिंह गेट स्थित संस्थान प्रांगण में हुए। आमजन को पर्यावरण संरक्षण के लिए ब्रह्मपुरी बस स्टैंड से संस्थान तक रैली निकाली गई एवं ह्यूमन चैन बनाकर पर्यावरण को बचाने की अपील की। कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा ने पर्यावरण रक्षा एवं जागरूकता के लिए पौधे लगाने का आह्वान किया। डॉ.सुरेंद्र शर्मा, डॉ. सुमित नत्थानी , डॉ. महेन्द्र प्रसाद, डॉ. आभा सिंह, डॉ. तरुण शर्मा मौजूद रहे।

विज्ञान भारती राजस्थान सहित विभिन्न शैक्षणिक संगठनों की ओर से मानसरोवर शिप्रापथ स्थित एक कॉलेज में साइक्लोथॉन रैली सहित अन्य कार्यक्रम हुए। रैली में लगभग 250 प्रतिभागियों ने डॉ.जी.एल. शर्मा, डॉ. लोकेंद्र शर्मा एवं आइएफएस के.सी. मीणा के नेतृत्व में भाग लिया। ज्ञान भारती राजस्थान के सचिव डॉ. मेघेन्द्र शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

चित्रगुप्त बाल हितकारी सेवा संस्थान, चित्रगुप्त समिति मानसरोवर की ओर से मानसरोवर चित्रगुप्त मार्ग स्थित चित्रगुप्त पार्क में आम, जामुन, नीम, अशोका, गिलोय, तुलसी, पीपल के पौधे लगाए। पौधरोपण अभियान के साथ ही परिंडे बांटे गए। साथ ही, आइसक्रीम वितरण कार्यक्रम हुआ। संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष युगल किशोर नेहवारिया ने आमजन को प्रकृति के संरक्षण की शपथ दिलाई। डॉ.किरण नारायण माथुर, नीता माथुर मौजूद रहे।

विश्व पर्यावरण दिवस पर जेएनयू के इंजीनियरिंग, होटल मैनेजमेंट के साथ ही मेडिकल कॉलेज और इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल रिसर्च सेंटर में पौधा रोपण किया गया। इस अवसर पर राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से जूट के धागे से निर्मित 200 थैले वितरित किए गए।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुधवार को रवीन्द्र मंच पर अनूठा आयोजन हुआ। यहां 500 पौधे लगाए गए, जिन्हें अब लोगों को गोद देना शुरू कर दिया है। पौधों की देखभाल के लिए लोग इन्हें गोद ले सकेंगे। इसके लिए एक संकल्प पत्र भरना होगा। रवीन्द्र मंच प्रबंधक ने पौधों को गोद लेने के लिए जनता से अपील की है।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आईआईएचएमआर विश्वविद्यालय जयपुर ने भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और हरित घर के तहत पौधे लगाने की पहल शुरू की है। विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. पी.आर. सोडानी के साथ संकाय और स्टाफ सदस्यों ने पौधे लगाकर इसकी शुरुआत की। अध्यक्ष सोडानी ने कहा कि जागरूकता के ऐसे कार्य न केवल पर्यावरण संरक्षण में योगदान करते हैं, बल्कि जीवन के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।

महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि संस्थापक चेयरमैन डॉ. एम.एल. स्वर्णकार ने पौधारोपण करते हुए कहा कि इस सप्ताह सस्थान में पांच सौ पेड़ लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी को ग्रीन जोन बनाने के लिए यहां दो हजार से अधिक छायादार पेड़ लगाए जा चुके हैं। इस अवसर पर डायरेक्टर हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. शोभित स्वर्णकार, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. विनय कपूर, प्रिंसिपल डॉ. एन.डी. सोनी, मेडिकल डायरेक्टर मेजर जन. डॉ एस.एस. जायसवाल, सुनील कुमार, हैसेल्ट विश्वविद्यालय, बेल्जियम की प्रोफेसर लीन पॉपलु तथा संकाय प्रशासनिक निदेशक कैथरीन नेलिसन ने भी छायादार पौधे लगाए।