
- 262 ग्राम अवैध गांजा बरामद
जयपुर। जयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस अजयपाल लाम्बा द्वारा संचालित एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत कोटपूतली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 262 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यन्त के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा व वृताधिकारी राजेन्द्र कुमार बुरडक के सुपरविजन में कोटपूतली थानाधिकारी राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। लोकल एवं स्पेशल अधिनियम अभियान के तहत पुलिस टीम गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गंगा कॉलोनी से बालाजी कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध गांजे की बिक्री कर रहा है। तुरंत हरकत में आई पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी कृष्ण कुमार पुत्र शेरसिंह (50 वर्ष) निवासी कूजोता, थाना सरुण्ड, हाल महाकाली हाउस, सब्जी मंडी के पीछे थाना कोटपूतली को धर दबोचा।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार के कब्जे से 262 ग्राम गांजा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गांजे की खरीद-फरोख्त में लिप्त होने की बात कबूल की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह कहां से यह गांजा लाताथा? और किन-किन लोगों को सप्लाई करता था।
मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस आमजन से भी अपील कर रही है कि यदि कहीं नशे का कारोबार होता दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Published on:
20 Mar 2025 11:55 am
