21 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर

गोगामेड़ी की हत्या पर राजनीतिक दलों ने की कार्रवाई की मांग

निवर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना को बताया दुखद

Google source verification

जयपुर

image

GAURAV JAIN

Dec 06, 2023

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी दुख जताते हुए पुलिस से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। राज्यपाल कलराज मिश्र ने हत्या की घटना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए अपराधियों के खिलाफ कड़ी और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मिश्र ने घटना के बारे में जानकारी मिलते ही डीजीपी से फोन पर तथ्यात्मक जानकारी ली और प्रदेश में कानून एवं शांति व्यवस्था को सभी स्तरों पर बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

निवर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि गोगामेड़ी की हत्या की घटना बेहद दुखद है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि गोगामेड़ी की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजन को संबल प्रदान करे।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी ने कहा कि पिछले पांच वर्ष में प्रदेश में पनपे माफिया व आपराधिक गिरोह के कारण हुई यह जघन्य घटना स्वीकार्य नहीं है। पुलिस प्रशासन से आग्रह है कि हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी करें।


कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि अपराधियों को अविलम्ब गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई हो। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि गोगामेड़ी की हत्या के समाचार से स्तब्ध हूं। इस संदर्भ में पुलिस कमिश्नर से जानकारी ली और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने को कहा है। सामाजिक जनों को शांति और धैर्य रखना होगा। भाजपा सरकार के शपथ लेते ही राज्य को अपराधमुक्त करना हमारी प्राथमिकताओं में अग्रणी है।
भाजपा नेता राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि गोगामेड़ी की हत्या की घटना बेहद दुखद है। पुलिस प्रशासन दोषियों को अविलम्ब गिरफ्तार करे। पूर्व डिप्टी सीएम एवं विधायक सचिन पायलट ने कहा कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।


देख-रेख में होगा बसों का संचालन

गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में जयपुर बन्द और जिलों में विरोध की आशंका को देखते हुए रोडवेज ने बसों के संचालन को लेकर आगार प्रबंधकों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। रोडवेज एमडी नथमल डिडेल ने बताया कि फ्लाइंग टीम के निर्देशन में बसों का संचालन किया जाएगा। फ्लाइंग टीम हाईवे पर निगरानी रख सडक़ जाम और विरोध की सूचना डिपो में देंगी। फ्लाइंग टीम की हरी झंडी के बाद ही बसों को रवाना किया जाएगा।

विधायक गोपाल शर्मा ने ली जानकारी

सिविल लाइंस से भाजपा विधायक गोपाल शर्मा ने मौके पर पहुंच पुलिसकर्मियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस से जल्दी से जल्दी अपराधियों को पकडऩे की मांग की है। शर्मा ने कहा कि इस पूरे मामले में कहीं न कहीं पुलिस प्रशासन की ढिलाई भी नजर आती है। गोगामेड़ी क्षत्रिय समाज के प्रमुख नेताओं में से थे। वहीं, भाजपा नेता अरुण चतुर्वेदी ने भी हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।