
Rajya Sabha election 2024: राज्यसभा चुनाव की तैयारी तेज, नामों का अभी तक अता-पता नहीं
Rajya Sabha election 2024: जयपुर। राज्यसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। पार्टियों में भी अपने उम्मीदवार तय करने के लिए कवायद शुरू हो गई है। इधर राज्यसभा चुनाव के लिए आठ फरवरी को नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा।
राजस्थान में राज्यसभा की दस सीटें हैं। इनमें से इस समय तीन सीटें रिक्त चल रही हैं। राजस्थान विधानसभा में पार्टियों के विधायकों का गणित देखें तो इसमें भाजपा दो और कांग्रेस को एक सीट आसानी से मिल जाएगी।
लोकसभा चुनाव पर भी नजर
अप्रेल-मई में देश में लोकसभा चुनाव हैं। ऐसे में पार्टियां को तो यह तो पता है कि इन तीन सीटों पर किस पार्टी की जीत होगी। लेकिन वे इस बार उम्मीदवार चयन में क्षेत्रवाद व जाति फैक्टर पर भी फोकस किए हुए हैं। भाजपा चाहती है कि राजस्थान के व्यक्ति को ही राज्यसभा में भेजा जाए। इससे राज्य में जो लोकसभा चुनाव में टिकटों के दावेदार हैं। उनको भी मौका मिल सकता है।
दोनों पार्टियों में एक दर्जन नामों पर चर्चा
तीन सीटों के लिए भाजपा व कांग्रेस में करीब एक दर्जन से अधिक नामों पर भी चर्चा चल रही है। लेकिन पार्टियों ने अभी तक किसी भी नाम पर मुहर नहीं लगाई है। भाजपा अक्सर चौंकाने वाले फैसलों के लिए जानी जाती है। इसलिए भाजपा में नामों की संख्या भी कुछ ज्यादा ही है। वहीं कांग्रेस में दिल्ली के नेताओं के नामों की चर्चा ज्यादा है।
27 फरवरी को होगा चुनाव
आठ फरवरी को नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। इसके बाद 15 फरवरी से नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 16 फरवरी को नामांकन की जांच होगी। 27 फरवरी को सुबह नौ बजे से चार बजे तक मतदान होगा। उसी दिन शाम को ही परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
क्या भाजपा उतारेगी तीन प्रत्याशी !
विधानसभा में कुल 200 सीटें हैं। इनमें भाजपा के पास 115 और कांग्रेस के पास 70 सीटें हैं। एक सीट पर जीत के लिए उम्मीदवार को 51 वोटों की जरुरत होगी। ऐसे में भाजपा के पास दो और कांग्रेस को एक सीट आसानी से मिल जाएगी। ऐसे में एक चर्चा यह भी कि क्या भाजपा तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी? यदि ऐसा होता है तो वह कांग्रेस में से सेंधमारी करने की कोशिश करेंगी।
हालांकि भाजपा वर्ष 2020 और 2022 के राज्यसभा चुनाव में इस तरह का माहौल बना चुकी है। लेकिन हर बार उसे हार का सामना करना पड़ा था।
Updated on:
06 Feb 2024 10:30 am
Published on:
06 Feb 2024 10:12 am
