
Rajasthan Assembly Election 2023: टिकट वितरण के साथ ही समाज में सामने आने लगा आक्रोश
जयपुर। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही टिकट वितरण को लेकर अब विभिन्न समाज फिर से अपनी ताकत दिखाने लगे है। राजधानी की 10 विधानसभा सीट से समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने से जैन समाज में आक्रोश नजर आने लगा है। वहीं ब्राह्मण समाज ने भी सर्वाधिक टिकट देने वाली पार्टी को समर्थन देने की रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। इसके लिए चुनाव से पहले जनजागरण अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।
गौड़ ब्राह्मण महासभा राजस्थान, जयपुर के युवा अध्यक्ष पंकज पचलंगिया ने बताया जयपुर के 10 विधानसभा क्षेत्र आदर्श नगर, हवामहल, किशनपोल, आमेर, झोटवाड़ा, विद्याधर नगर, सिविल लाइंस, मालवीय नगर, सांगानेर, बगरू में कुल मतदाताओं में सबसे अधिक करीब 8 लाख 21 हजार ब्राह्मण मतदाता है। इसमें भी गौड़ और सनाढ्य ब्राह्मण 4 लाख 62 हजार के करीब है। जिसमें सबसे अधिक विद्याधर नगर एक लाख 20 हजार से अधिक ब्राह्मण मतदाता है, वहीं सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में भी एक लाख 20 हजार से अधिक ब्राह्मण मतदाता है। जबकि झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 10 हजार से अधिक ब्राह्मण मतदाता है।
जन जागरण अभियान शुरू
पचलंगिया ने बताया कि इस बार ब्राह्मण समाज सार्वजनिक रूप से उस पार्टी को सबसे अधिक वोट देगा, जो ब्राह्मण समाज को सर्वाधिक टिकट देगी। इसे लेकर समाज के प्रमुख पदाधिकारियों की ओर से राजस्थान के सभी जिला, तहसील व विधानसभा स्तर पर जन जागरण अभियान शुरू किया जा रहा है, जिसमें समाज को एकजुटता के साथ वोट देने के लिए आग्रह किया जाएगा।
यहां अधिक मतदाता
अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवा एकता संघ अध्यक्ष अभिषेक जैन के अनुसार जयपुर में सर्वाधिक संख्या में जैन समाज मालवीय नगर, सांगानेर और किशनपोल विधानसभा क्षेत्र रहता है। मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में समाज (दिगंबर और श्वेतांबर) के लगभग 65 हजार से अधिक मतदाता है, सांगानेर में भी लगभग 50 से 55 हजार मतदाता है, किशनपोल में 30 से 35 हजार मतदाता है।
जयपुर जैन समाज में आक्रोश
संघ अध्यक्ष अभिषेक ने कहा कि जयपुर शहर की अभी किसी भी सीट से जैन समाज को टिकट नहीं दिया गया है, इससे जयपुर जैन समाज में आक्रोश है। भाजपा और कांग्रेस ने शहर की एक भी सीट पर जैन समाज का प्रत्याशी नहीं उतारा है, इससे नाराज समाज विरोध में उतर रहा है। जैन का कहना है कि समाज ने सांगानेर, मालवीय नगर, किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से अपनी मजबूत दावेदारी भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों में की थी, लेकिन अब तक दोनों दलों की जारी सूची से जैन समाज में आक्रोश फैल गया है और अब दोनों दलों का पूर्ण बहिष्कार करने की घोषणा कर दी है।
Published on:
26 Oct 2023 11:21 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
