
जयपुर।
राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेताओं के दौरे लगातार जारी है। शुक्रवार को प्रदेश चुनावी प्रभारी प्रल्हाल जोशी के दौरे के बाद रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जयपुर आ रहे है। नड्डा यहां बीलवा में जयपुर के दक्षिणी भाग की आठ विधानसभा सीटों को फोकस करेंगे। वर्ष 2013 में इनमें से सात सीटें भाजपा ने जीती थी, जबकि इन्हीं में से वर्ष 2018 में चार सीटों पर भाजपा को हार मिली।
जानकारी के अनुसार, नड्डा रविवार कोे बीलवा में एक सभा करने के साथ ही गहलोत सरकार के खिलाफ 'नहीं सहेगा राजस्थान' अभियान की शुरूआत भी करेंगे। यह अभियान प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा की ओर से व्यापक तैयारियां भी की जा रही है। खासकर इस क्षेत्र के विधायक और प्रमुख नेताओं को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चार सीटें हार गई थी भाजपा
जयपुर जिले के दक्षिण पूर्वी भाग की आठ विधानसभा सीटों में वर्तमान में तीन कांग्रेस और तीन भाजपा के पास हैं। वहीं दो पर निर्दलीय विजयी रहे हैं। इसमें फुलेरा, मालवीय नगर और सांगानेर विधानसभा सीट पर भाजपा पिछले काफी समय से काबिज है। वहीं पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को आदर्श नगर, दूदू, बगरू और चाकसू सीट पर हार का सामना करना पड़ा था।
कांग्रेस ने की थी वापसी
पिछले विधानसभा चुनाव में तीन सीटें जीतकर कांग्रेस ने जयपुर के ग्रामीण क्षेत्र में अपना आधार मजबूत किया था। कांग्रेस ने बगरू, चाकसू और आदर्श नगर सीट पर जीत दर्ज की थी। इन सीटों पर पार्टी को वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।
निर्दलीयों का कब्जा
दूदू में पूर्व विधायक व मंत्री बाबूलाल नागर निर्दलीय चुनाव जीते थे। उन्होंने वर्ष 2013 में अपने भाई हजारी लाल को चुनाव लड़ाया था, लेकिन हार गए थे। नागर को पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस टिकट नहीं मिला था। हालांकि जीतने के बाद नागर ने कांग्रेस को ही समर्थन दिया। इधर बस्सी में भी निर्दलीय लक्ष्मण सिंह ने जीत दर्ज की और फिर कांग्रेस को समर्थन दिया था।
यह है सीटों की स्थिति
- कांग्रेस - बगरू, चाकसू, आदर्श नगर
- भाजपा - सांगानेर, फुलेरा, मालवीय नगर
- निर्दलीय - बस्सी, दूदू
15 दिन चलेगा अभियान, आएंगे राष्ट्रीय नेता
अभियान की शुरुआत के बाद सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम होंगे। एक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम पन्द्रह दिन तक लोगों तक पहुंचा जाएगा। इसके बाद एक बड़ी सभा होगी, जिसमें राष्ट्रीय संगठन के बड़े पदाधिकारियों के साथ केन्द्रीय मंत्रियों को बुलाने की योजना है। सभा की जगह बाद में तय की जाएगी।
भीड़ लाने का मिला टारगेट
भाजपा संगठन ने विधानसभा क्षेत्रवार भीड़ प्रबंधन का टारगेट भी दे दिया है। इनमें बगरू, सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से सभा में दस-दस हजार लोगों को जुटाने के लिए कहा गया है। वहीं चाकसू, दूदू, मालवीय नगर, आदर्श नगर से 5-5 हजार लोगों का टारगेट दिया है। मालपुरा, निवाई के अलावा जयपुर शहर के अन्य विधानसभा क्षेत्र से भी कार्यकर्ता व आमजन पहुंचेंगे।
Published on:
15 Jul 2023 01:28 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
