3 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Election News : अब सीएम गहलोत के गढ़ में पीएम मोदी का ‘शक्ति प्रदर्शन’, जानें क्यों चरम पर है पॉलिटिकल पारा?

Rajasthan Assembly Election 2023 : 'मेवाड़' के बाद 'मारवाड़' की बारी... अब सीएम गहलोत के गढ़ में पीएम मोदी का 'शक्ति प्रदर्शन', चरम पर रहेगा पॉलिटिकल पारा

3 min read
Google source verification
rajasthan assembly election 2023 pm modi ashok gehlot jodhpur visit

जयपुर।

प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सियासी पारा गर्माया हुआ है। खासतौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ताबड़तोड़ चुनावी दौरों ने इस गरमाहट को और ज़्यादा बढ़ाकर रख दिया है। प्रधानमंत्री के चित्तौड़गढ़ सभा में विरोधियों पर हमले को अभी ज़्यादा वक्त बीतेगा भी नहीं कि 5 अक्टूबर को जोधपुर में एक और सभा होने जा रही है।

जोधपुर सीएम गहलोत का गृह क्षेत्र होने के साथ ही उनका 'गढ़' माना जाता रहा है। ऐसे में पीएम मोदी की इस प्रस्तावित सभा पर राज्य की ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर की सियासत नज़रें गढ़ाए बैठी है।

'शक्ति प्रदर्शन' की तैयारी में भाजपा
मौक़ा सीएम के गृह क्षेत्र में पीएम मोदी की चुनावी सभा का है, लिहाज़ा भाजपा प्रधानमंत्री के इस दौरे को सफल और ऐतिहासिक बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। रावण का चबूतरा मैदान में रखी गई जनसभा में ज़्यादा से ज़्यादा भीड़ जुटे, इसके लिए स्थानीय स्तर पर नेता कॉल करके और घर-घर दुकान-दुकान दस्तक देकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं।

हज़ारों-करोड़ों की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जोधपुर दौरे में केंद्र सरकार के कई नए प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।वे जोधपुर एम्स में नए ट्रोमा सेंटर और जोधपुर एयरपोर्ट के विस्तार कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा आईआईटी में नए शैक्षणिक कार्यों का उद्घाटन करेंगे। वे जोधपुर परिक्षेत्र में रेल और सड़क संबंधी परियोजनाओं का भी लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे।

शेखावत ने संभाला व्यवस्थाओं का ज़िम्मा
प्रधानमंत्री के जोधपुर दौरे को सफल बनाने का ज़िम्मा जोधपुर सांसद व केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संभाल रखा है। वे इन दिनों जोधपुर में ही कैम्प करके व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने में जुटे हैं।

शेखावत का कहना है कि 5 अक्टूबर को प्रधानमंत्री की जोधपुर सभा ऐतिहासिक होगी। वे पश्चिम राजस्थान वासियों को हजारों करोड़ रुपये की सौगात देंगे। इसे लेकर महिलाओं सहित पश्चिम राजस्थान में अपार उत्साह है। लोग उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक और आतुर नज़र आ रहे हैं।

मेवाड़ के बाद साधेंगे मारवाड़
प्रधानमंत्री के चुनावी दौरे प्रदेश भर में करवाए जा रहे हैं। केंद्रीय संगठन उनके कार्यक्रम इस तरह से बना रहा है जिससे कि प्रदेश के सभी क्षेत्र कवर हो सके। ऐसे में मेवाड़ के चित्तौड़गढ़ दौरे के बाद प्रधानमंत्री अब मारवाड़ के जोधपुर आ रहे हैं। इस क्षेत्र की तकरीबन 20 से 25 विधानसभा सीटों को साधने का प्लान है।

जनसभा स्थल का लिया जायजा

सोमवार को जोधपुर पहुंचे केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। शहर जिला भाजपा अध्यक्ष देवेंद्र सालेचा ने केंद्रीय मंत्री शेखावत को मंडल स्तर पर बूथ स्तर पर की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं से अवगत करवाया। इस दौरान राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी जगवीर छाबा, पूर्व सांसद जसवंत सिंह बिश्नोई, प्रवासी प्रभारी जम्मू कश्मीर के पूर्व विधायक देवेन्द्र सिंह राणा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्नचंद मेहता तथा महेन्द्र मेघवाल सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

ईको फ्रेंडली प्रचार

प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा के प्रचार के लिए भाजपा ने ईको फ्रेंडली तरीका अपनाया है। सोमवार को सरदारपुरा स्थित भाजपा कार्यालय से 15 ई रिक्शा को प्रचार रथ के रूप में शहर जिला भाजपा अध्यक्ष देवेंद्र सालेचा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र जोशी सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

बैठकों का सिलसिला जारी

रातानाडा मण्डल की बैठक पंचवटी पार्क हाईकोर्ट कॉलोनी में मण्डल अध्यक्ष माधो सिंह परिहार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। मुख्य वक्ता के रूप में जम्मू कश्मीर सरकार के में पूर्व मंत्री जोधपुर प्रवास प्रभारी देवेंद्र सिंह राणा का मार्गदर्शन प्राप्त मिला।

त्रिपोलिया मण्डल अध्यक्ष भुपेन्द्र राज सिंघवी की अध्यक्षता में बैठक हुई। मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रसन्नचंद मेहता, ओबीसी मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. संगीता सोलंकी, देवराज बोहरा ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया।

खाण्डाफलसा मण्डल के अध्यक्ष महेंद्र छंगाणी, राजेन्द्र बोराणा, अतुल भंसाली सहित कई कार्यकर्ताओं ने सिरे बाजार, सिटी पुलिस तक जन सम्पर्क कर आमजन को पीले चावल देकर जनसभा में आने का न्योता दिया।