
संदीप पुरोहित/ जयपुर
Rajasthan Assembly Election 2023 जिस रामगढ़ बांध में 1982 के एशियाड की नौकायन प्रतियोगिता हुई थी। अब वह बांध पानी के लिए तरस रहा है। मन बहुत दु:खी था रामगढ़ की हालत देखकर। बारिश शुरू होते ही यहां आते थे। राजनीतिक इच्छा शक्तिहोती तो सबकुछ हो सकता था, पर ... इस बात का गिला जमवारामगढ़ के लोगों को ही नहीं पूरे जयपुर को है। यहां बैठे हेमाराम शर्मा बोले, बांध बड़े लोगों की मनमानी की भेंट चढ़ गया। जिस बांध का कैचमेंट एरिया 700 वर्ग किलोमीटर का है, वह पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहा है।
हकीकत यह कि रसूखदारों ने पानी रोक दिया। राजपुरवास ताला क्षेत्र के फार्म हाउस इसमें बाधक बने हुए हैं। जब हम आंधी पहुंचे तो वहां बंद पड़ी वीरान डोलोलाइट की खानें अपनी दास्तान कह रही थी। वहां कारोबारी निशीथ पारीक ने कहा, पर्यावरण की तो रक्षा हो गई, पर यहां के लोगों का रोजगार छिन गया। जमवारामगढ़ में जमवाय माता मंदिर, श्रीगोपालजी मंदिर, बांकी माता मंदिर देवीतला रायसर, महंगेश्वर महादेव मंदिर व टोडेश्वर महादेव मंदिर प्रसिद्ध धार्मिक स्थान हैं। जहां लोगों का तांता लगा रहता है, पर सरकार की ओर से कोई विशेष ध्यान नहीं दिया गया है। सरकारी कार्यालयों के लिए जमीन आवंटन तक नहीं हुआ है। कारकस प्लांट व बूचडख़ाने की बदबू भी समस्या है।
जमवारामगढ़ व आंधी में कॉलेज खुले हैं। उप जिला अस्पताल भी बना है और रायसर को पुलिस थाना मिला है। जमवारामगढ़ से विराटनगर पहुंचे। विराटनगर में महाभारतकाल में पाण्डवों ने अपना अज्ञातवास बिताया था। यहां पंचखंड पर्वत पर भीम तालाब के ही निकट जैन मंदिर है। यहां गुहा चित्रों के अवशेष, बौद्ध माथों के भग्नावशेष, अशोक का शिलालेख और मुगलकालीन भवन विद्यमान है। इनको संरक्षण की आवश्यकता है। यहां मिले हीराराम गुर्जर ने कहा, सरकार ने इनकी सुध नहीं ली है। खेत जोत रहे मन्ना राम ने कहा, बिजली आवै ही कोनी। पूछा कर्ज माफ हुआ तो बोला आजू हो गयो। पावटा, प्रागपुरा व विराटनगर नगरपालिका को डी ग्रेड से सी ग्रेड में क्रमोन्नत किया है। इससे लोगों को उम्मीदें बढ़ी हैं। यहां से शाहपुरा पहुंचा। शाहपुरा की 36 ग्राम पंचायतें हैं। शाहपुरा नगरपालिका में 35 वार्ड हैं। मनोहरपुर नगरपालिका में 25 वार्ड हैं।
शाहपुरा रीको एरिया में जाने के लिए सीधा रास्ता नहीं है। इससे परेशानी हो रही है। यहां भी सीवरेज, पेयजल और पार्किंग की समस्या है। मनोहरपुर की नीतू वर्मा कहती हैं कि स्ट्रीट लाइट नहीं होने से परेशानी है। सार्वजनिक शौचालय का भी अभाव है। शाहपुरा में ट्रोमा सेंटर स्वीकृत हो गया है। देवन से शाहपुरा वाया तिगरिया निवाणा तक 40 किलोमीटर लंबी एमडीआर सड़क का निर्माण चल रहा है। खोरालाडखानी से वाया बिशनगढ़, राड़ावास होते हुए खेजरोली तक सड़क बनाई जा रही है। शाहपुरा से कोटपूतली पहुंचा। इसके पश्चिम दिशा में कल्याणपुरा कलां, पूर्व दिशा में चतुर्भुज, उत्तर दिशा में मलपुरा, दक्षिण में रघुनाथपुरा तक कोटपूतली विधानसभा क्षेत्र है। कोटपूतली की 23 और पावटा की 14 ग्राम पंचायतें ग्रामीण इलाके में हैं।
कोटपूतली में पहले 40 शहरी वार्ड थे। अब नगर परिषद की सीमा में 15 नई ग्राम पंचायतें शामिल हो गई हैं। केशवाना औद्योगिक क्षेत्र के विकास को गति मिलना बाकी है। यहां राजमार्ग पर कई जगह कट व पुलिया नहीं होने से जाम लगता है। कोटपूतली के पनियाला से अम्बाला तक 313 किलोमीटर का सुपर एक्सप्रेस वे शुरू हो गया है। अब अम्बाला सहित आगे के जाने के लिए लोगों को दिल्ली नहीं जाना पड़ता है, वे सीधे ही यहां से अम्बाला होते हुए जम्मू-कश्मीर तक जा सकते हैं। पहले कोटपूतली से अम्बाला के 12 घंटे लगते थे, अब 5 घंटे लग रहे हैं। नारेहड़ा-नीमकाथाना बायपास की कवायद शुरू हो गई है। लोगों को मुआवजा मिलना शुरू हो गया है। कोटपूतली के जिला अस्पताल में 250 बेड हैं और हरियाणा तक के मरीज आते हैं।
Published on:
30 Jul 2023 09:12 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
