
जयपुर / अजमेर।
राजस्थान की दो लोकसभा और एक विधानसभा सीटों में से अजमेर का चुनाव सबसे पहले होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार 24 अक्टूबर को चुनाव आयोग गुजरात चुनावों की तिथियों की घोषणा करेगा और इन्हीं के साथ अजमेर लोकसभा सीट का चुनाव भी होगा। वहीं अलवर लोकसभा और मांडलगढ़ (भीलवाड़ा) की विधानसभा सीट पर चुनाव की तिथियां अजमेर के बाद की होंगी।
सूत्रों का कहना है कि अजमेर में चुनाव पहले होने की संभावना देखते हुए ही मुख्यमंत्री ने अपनी रणनीति में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। पहले अजमेर दक्षिण की बैठक 8 अक्टूबर को होनी थी, जो बाद में 23 अक्टूबर के लिए तय हुई। अब अचानक उसे 15 अक्टूबर (रविवार) को कर दिया गया है।
इससे पहले मसूदा और नसीराबाद की बैठक 16-17 अक्टूबर को तय की गई थी, जिसे स्थगित कर दिया गया था। अब इन दोनों विधानसभा सीटों पर बिजयनगर (मसूदा) में 16 और नसीराबाद में 17 को बैठक तय की गई है। उधर खैरथल और मंडावर (अलवर) 15 और 16 को होने वाली बैठकों को रद्द किया गया है। अब वहां बाद में बैठकें होंगी, इन तिथियों पर अजमेर में बैठकें होंगी।
सूत्रों का कहना है कि अजमेर के चुनावों की संभावना को देखते हुए ही तुरंत प्रभाव से किशनगढ़ एयरपोर्ट का उद्घाटन किया गया और अब अजमेर में 200 करोड़ रुपए की लागत से लगने वाले नेशनल डेयरी प्लांट प्रोजेक्ट का शिलान्यास भी 22-23 अक्टूबर को किया जाएगा, मतलब मुख्यमंत्री चार मैराथन (केकड़ी, अजमेर दक्षिण, मसूदा और नसीराबाद) बैठकों के बाद दिवाली के तुरंत बाद फिर से अजमेर का ही रुख करेंगी।
...इधर आज से मुख्यमंत्री फिर दो दिन अजमेर में
मुख्यमंत्री अब दो दिन तक अजमेर में ही रहेंगी। उनका रविवार को अलवर के खैरथल जाने का पूर्व में निर्धारित कार्यक्रम निरस्त हो गया है। मुख्यमंत्री का रविवार सुबह साढ़े 9 बजे केकड़ी के जूनिया से हेलीकॉप्टर में रवाना होकर सुबह 10 बजे अजमेर पहुँचने का कार्यक्रम तय हुआ है।
वे सुभाष उद्यान के पास होटल मेरवाड़ा एस्टेट में अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के साथ जनसंवाद सहित अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगी। वे रात्रि विश्राम अजमेर में ही कर सोमवार सुबह साढ़े 9 बजे बिजयनगर-मसूदा के लिए रवाना होंगी तथा वहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगीं।
Published on:
15 Oct 2017 10:17 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
