
J&K Assembly Polls: जयपुर। जम्मू और कश्मीर में 90 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद यहां पहली बार चुनाव आयोजित होने जा रहे हैं। तीन चरणों में होने वाले इस चुनाव में बीजेपी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर रही है। चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि पहले चरण में 24 सीटों, दूसरे चरण में 26 सीटों और तीसरे चरण में 40 सीटों पर मतदान होगा। 4 अक्तूबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
पहले चरण के चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 20 अगस्त को जारी किया गया था, जबकि नामांकन की आखिरी तारीख 27 अगस्त थी। पहले फेज की वोटिंग 18 सितंबर को होगी। इस चरण में प्रचार के लिए बीजेपी ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का नाम भी शामिल है।
सीएम भजनलाल शर्मा ने लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान विभिन्न राज्यों में बीजेपी के लिए जोरदार प्रचार किया था। उनके प्रभावी प्रचार शैली के कारण उन्हें जम्मू और कश्मीर में भी प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीजेपी की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की सूची में सीएम भजनलाल शर्मा का नाम 12वें स्थान पर है।
इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम भी शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के इस महत्वपूर्ण चुनाव में बीजेपी का प्रदर्शन कैसा रहेगा, यह देखना दिलचस्प होगा, लेकिन पार्टी ने पूरी तैयारी के साथ प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है।
Updated on:
27 Aug 2024, 2:22 PM IST
Published on:
27 Aug 2024, 2:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.