
30 बिंदुओं में जारी होगा घोषणा पत्र
Rajasthan BJP Candidate List : जयपुर। भाजपा ने नामांकन के आखिरी दिन से एक दिन पहले रविवार दोपहर को पन्द्रह प्रत्याशियों और रात में तीन प्रत्याशियों की जारी कर दी। पार्टी ने पहली सूची में तेरह सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं, जबकि विवाद के चलते दो जगहों पर प्रत्याशी बदले। देर रात पार्टी ने बची हुई बाड़ी, पचपदरा, बाड़मेर सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। कांग्रेस विधायक गिर्राज मलिंगा को दिन में पार्टी ज्वॉइन करवाई गई और रात में उन्हें बाड़ी से प्रत्याशी घोषित किया गया। इसके अलावा बाड़मेर से दीपक कड़वासरा और पचपदरा से अरुण अमराराम चौधरी को टिकट दिया गया है। पार्टी ने सभी 200 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने दोनों पूर्व प्रदेश अध्यक्षों अरुण चतुर्वेदी और अशोक परनामी का टिकट भी काट दिया है।
भाजपा ने कोलायत सीट पर पूनम कंवर की जगह उनके पुत्र और देवी सिंह भाटी के पोते अंशुमान सिंह भाटी को टिकट दिया है। देवी सिंह भाटी चाहते थे कि वे खुद चुनाव लड़े और उनकी पुत्रवधू को टिकट नहीं दिया जाए। उम्र की बाध्यता के चलते पार्टी ने आखिर में भाटी के पोते को टिकट दे विवाद सुलझाया। इसी तरह जाति प्रमाण पत्र विवाद में फंसी बारां-अटरू प्रत्याशी सारिका सिंह चौहान की जगह राधेश्याम बैरवा को टिकट दिया है।
पांचवी और छठी सूची में कुल 13 प्रत्याशी ऐसे हैं, जो पहली बार चुनाव लड़ेंगे। इस सूची में संघ और संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर का प्रभाव दिखा है। वंशवाद के खिलाफ होने का दावा करने वाली भाजपा ने हनुमानगढ़ से डॉ. रामप्रताप की जगह उनके पुत्र अमित चौधरी को टिकट दिया है। वहीं, पचपदरा से पूर्व मंत्री अमराराम चौधरी के पुत्र अरुण चौधरी को टिकट दिया है। बेरोजगारों के लिए आंदोलन करने वाले उपेन यादव को भी भाजपा ने टिकट दिया है। बाड़मेर से पार्टी ने नए चेहरे दीपक कड़वासरा को चुनाव में उतारा है।
महिला प्रत्याशियों की संख्या हुई कम
पार्टी ने पहले कुल 21 महिलाओं को टिकट दिया था, पांचवी सूची में दो महिला प्रत्याशियों के टिकट बदल दिए। पांचवी सूची में मात्र एक ही महिला को टिकट दिया। अब तक 20 महिलाओं को ही टिकट दिया है। छठी और आखिरी सूची में किसी महिला को टिकट नहीं मिला।
एक भी मुस्लिम चेहरे को नहीं दिया टिकट
भाजपा ने सभी 200 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर किए हैं, लेकिन एक भी मुस्लिम चेहरे को टिकट नहीं दिया गया है। पार्टी ने प्रदेश में एक भी मुस्लिम चेहरे को टिकट नहीं दे हिंदूकार्ड खेल दिया है। हालांकि, मसूदा में भाजपा प्रत्याशी अभिषेक सिंह की गोत्र को लेकर कुछ सवाल जरूर खड़े हुए हैं। इस पर पार्टी नेताओं का कहना है कि अभिषेक सिंह हिंदू है।
Updated on:
06 Nov 2023 12:04 am
Published on:
05 Nov 2023 11:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
