
जयपुर। जसवंत सिंह के पुत्र manvendra singh के कांग्रेस में शामिल होने के बाद मारवाड़ में भाजपा के पास ऐसा कोई बड़ा नेता नहीं रहा, जो प्रदेश स्तर पर राजनीति में अहम भूमिका रखता हो। जबकि कांग्रेस में अब वहां राजपूत नेताओं में मानवेेन्द्र सिंह, जाट नेताओं में हेमाराम चौधरी व हरीश चौधरी बड़े नाम हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी इसी क्षेत्र से हैं, जो मारवाड़ ही नहीं बल्कि प्रदेश और अब देश की राजनीति में अहम भूमिका में हैं।
कभी भाजपा की कमान Bhairon Singh Shekhawat के हाथों में थी तो उन्होंने और Jaswant Singh ने राजपूत समाज का झुकाव भाजपा की तरफ बनाए रखा। कांग्रेस में दिग्गज नेता परसराम मदेरणा ने जाट समुदाय को कांग्रेस से जोड़े रखा। अब मानवेन्द्र के कांग्रेस में जाने से क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण काफी बदल सकते हैं। हालांकि कांग्रेसी के रूप में मानवेन्द्र का असर विधानसभा व लोकसभा चुनाव के बाद ही देखने को मिलेगा। मारवाड़ के 5 जिलों की स्थित पर नजर डालें तो 30 में से कांग्रेस के पास मात्र 3 सीट (सरदारपुरा, बाड़मेर और सांचौर) हैं। दो जिलों जैसलमेर व पाली में तो कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला। सरदारपुरा से अभी अशोक गहलोत विधायक हैं।
गौरतलब है कि गत लोकसभा चुनाव में अपना टिकट कटने के कारण जसवंत सिंह निर्दलीय उतरे। विभिन्न समाजों को साथ लेकर लगभग 5 लाख वोट हासिल किए। जीत तो नहीं सके लेकिन दर्शा दिया कि उनका टिकट कटने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। अब कांग्रेस में शामिल होने से मारवाड़ के राजपूत खुलकर उनके समर्थन में आ सकते हैं। जानकारों के अनुसार जैसलमेर, शिव, पोकरण, पचपदरा, बालोतरा, भीनमाल, जालौर, रानीवाड़ा, जोधपुर, सरदारपुरा, शेरगढ़, ओसिया, लोहावट, पाली, बाली, सुमेरपुर, सांचौर क्षेत्र में राजपूतों की संख्या काफी है।
सीट की जिलेवार गणित (Rajasthan Election 2018)
जिला - भाजपा - कांग्र्रेस
जोधपुर - 9 - 1 (सरदारपुरा)
बाड़मेर - 6 - 1 (बाड़मेर)
पाली - 6 - 0
जालौर - 4 - 1 (सांचौर)
जैसलमेर - 2 - 0
मारवाड़ के जिले और विस सीट
- जोधपुर : जोधपुर, भोपालगढ़, बिलाड़ा, लोहाटवट, लूनी, ओसियां, फलौदी, सरदारपुरा, शेरगढ़, सूरसागर
- बाड़मेर : बाड़मेर, बायतू, चौहटन, गुढ़ामलानी, पचपदरा, शिव, शिवाना
- पाली : पाली, बाली, जैतारण, सोजत, सुमेरपुर, मारवाड़ जंक्शन
- जालौर : जालौर, आहौर, भीनमाल, रानीवाड़ा, सांचौर
- जैसलमेर : जैसलमेर, पोकरण
मारवाड़ में यह स्थिति
जिले - 05
कुल सीट - 30
भाजपा - 27
कांग्रेस - 03
Published on:
19 Oct 2018 10:15 am
