
Rajasthan Election: पराजय का रिकॉर्ड बनाकर पनौती का मतलब नहीं समझ पाए राहुल गांधी-चतुर्वेदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए उपयोग में लिए गए अशोभनीय शब्द पनौती के लिए भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने राहुल गांधी को अपरिपक्व बताया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पनौती शब्द का मतलब भी पता नहीं है, अगर ऐसा होता तो वे इस शब्द को कभी भी काम में नहीं लेते। उन्हें पता होना चाहिए कि पनौती वह व्यक्ति है, जिसके नेतृत्व में पार्टी एक भी चुनाव नहीं जीत पाई। यहीं नहीं पनौती वह होता है, जिसके केन्द्र की सत्ता पर काबिज रहने के 10 साल बाद उपाध्यक्ष बनते ही पार्टी के दुर्दिन शुरू हो जाते है। पनौती वह होता है जो 50 वर्ष की उम्र पार करने के बाद मानसिक रूप से परिपक्व नहीं हो पाता है।
चतुर्वेदी ने कहा कि इस प्रकार चुनावी सभा में देश के प्रधानमंत्री के लिए जिस प्रकार राहुल गांधी ने हल्के शब्दों का उपयोग किया है, उससे उनके संस्कारों का पता पूरे देशवासियों को चल गया है। इतिहास गवाह रहा है कि जब भी कांग्रेस हार की ओर अग्रसर होती है तो उनके नेता अपना मानसिक संतुलन खो बैठते हैं। इसके कारण वे बहुत ही निम्न स्तर के शब्दों के उपयोग पर उतर आते हैं और राहुल गांधी के ये शब्द भी उनकी बौखलाहट का ही परिणाम है। चतुर्वेदी ने कहा कि चुनावी माहौल में भाषण के जरिए अपनी विफलताओं को लोगों के बीच पहुंचा रहे राहुल गांधी के इन्हीं बचकाने भाषणों के कारण मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब तक चुनाव प्रचार से दूर रखा था। अब जब उन्हें यकीन हो गया कि पार्टी राजस्थान में चुनाव नहीं जीत पाएगी तो यहां माहौल बिगाड़ने के लिए राहुल गांधी को आगे किया गया है।
अपना ट्रैक रिकॉर्ड जांचे राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के लिए पनौती जैसे शब्दों का उपयोग करने वाले राहुल गांधी एक बार अपना ट्रैक रिकार्ड जांचे। उनका रिकॉर्ड देखने के बाद पूरा देश राहुल गांधी को ही पनौती मान रहा है। राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद से देश में 14 राज्यों में विधासभा चुनाव और अब लोकसभा चुनाव हुए हैं। 14 राज्यों में से कांग्रेस सिर्फ चार राज्यों में ही अपनी सरकार बना पाई। ये राज्य कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान हैं, वहीं कांग्रेस ने इन चुनावों में मेघालय और मिजोरम राज्य गंवा दिए।
राहुल को कमान मिली और कांग्रेस की दुर्गति शुरू
चतुर्वेदी ने कहा कि राहुल गांधी ने गुजरात विधानसभा चुनाव से ठीक दो दिन पहले कांग्रेस की कमान संभाली थी। उसके बाद कांग्रेस की दुर्गति शुरू हो गई। इस प्रकार पूरे देश से कांग्रेस का सफाया करने के बाद राहुल गांधी स्वयं के स्थान पर प्रधानमंत्री के लिए पनौती शब्द का उपयोग कर रहे है जो बेहद शर्मनाक है, ऐसे में राहुल गांधी को अपने बयान के लिए आमजन के बीच जाकर माफी मांगनी चाहिए।
Published on:
22 Nov 2023 06:23 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
