9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Good News: अब शहरी बेरोजगारों को मिलेगा 100 दिन का गारंटेड रोजगार

महानरेगा की तर्ज पर शहरी क्षेत्रों में 9 सितंबर से इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना शुरू होने जा रही है। इस योजना के तहत जॉब कार्डधारी परिवार को 100 दिन का रोजगार दिया जाएगा।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Umesh Sharma

Sep 02, 2022

Good News: अब शहरी बेरोजगारों को मिलेगा 100 दिन का गारंटेड रोजगार

Good News: अब शहरी बेरोजगारों को मिलेगा 100 दिन का गारंटेड रोजगार

महानरेगा की तर्ज पर शहरी क्षेत्रों में 9 सितंबर से इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना शुरू होने जा रही है। इस योजना के तहत जॉब कार्डधारी परिवार को 100 दिन का रोजगार दिया जाएगा। योजना के लिए सरकार ने 800 करोड़ रुपए का बजट तय किया है। योजना सही तरीके से शुरू हो, इसके लिए सरकार ने निकायों में आगामी आदेशों तक अवकाश पर रोक लगा दी है। राज्य में कोविड-19 महामारी के दौरान रोज़गार छिनने से जो परिवार कमज़ोर और असहाय हो गए हैं। उन्हें भी इस योजना से बड़ा संबल मिल सकेगा।

स्थानीय निकाय विभाग के माध्यम से क्रियान्वित की जा रही योजना में जॉब कार्डधारी परिवार के 18 से 60 वर्ष की आयु के सभी सदस्य पात्र हैं। योजना में पंजीयन जनआधार कार्ड के माध्यम से किया जा रहा है। एक परिवार के सदस्यों को अलग-अलग पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं है। जिन परिवारों के जन आधार कार्ड उपलब्ध नहीं हैं, वे ई-मित्र या नगरपालिका सेवा केंद्र पर जनआधार के लिए आवेदन कर उसके क्रमांक के आधार पर जाॅब कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे। योजना में आवेदन ई-मित्र के माध्यम से निशुल्क किया जा सकता है। आवेदन करने के पश्चात 15 दिन में रोज़गार उपलब्ध करवाए जाने का प्रावधान है। पारिश्रमिक का भुगतान सीधे जॉब कार्डधारी के खाते में किया जाएगा।


यह भी पढ़ें: Monsoon Update : राजस्थान में कई जगहों पर अच्छी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान, पढ़ें खबर




सरकार ने की समितियां गठित

योजना के क्रियान्वयन के लिए 2561 विभिन्न पदों पर संविदा आधार पर भर्ती के लिए सभी जिलों में विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है। साथ ही इस योजना के लिये सभी निकायों के संबंधित कार्मिको एवं ई-मित्र संचालकों का प्रशिक्षण पूर्ण करवाया जा चुका है। राज्य सरकार का प्रयास है कि इस योजना का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन हो। इसके लिए राज्य, संभाग, जिला एवं निकाय स्तर पर समितियों का गठन भी कर दिया गया है। योजना की सतत माॅनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाएगी। योजना में पर्यावरण सरंक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं सेनिटेशन, संपत्ति विरूपण रोकना, सेवा संबंधी कार्य, कन्वर्जेशन कार्य, हैरिटेज सरंक्षण सहित अन्य कार्य कराए जा सकेंगे।

अब तक 2 लाख से अधिक जाॅब कार्ड जारी

योजना में अब तक 2 लाख से अधिक जाॅब कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इनके माध्यम से पंजीकृत सदस्यों की कुल संख्या 3 लाख 18 हजार से अधिक है। समस्त निकायों में 9 हजार 500 से अधिक कार्य चिन्हित किए गए हैं और सभी नगरीय निकायों का बजट भी आवंटित कर दिया गया है। चिन्हित कार्यों की अनुमानित राशि करीब 658 करोड़ रूपए है। लगभग 6 हजार कार्यों के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति भी जारी की जा चुकी है।