राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह ने राजस्थान पत्रिका से विशेष बातचीत की... उन्होंने गुजरात, हिमाचल चुनाव सहित राजस्थान के विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बातचीत की।
हीरेन जोशी
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह दो दिन के राजस्थान प्रवास पर थे। इस दौरान राजस्थान पत्रिका ने उनसे विशेष बातचीत की। सिंह का कहना है कि राज्य में एक साल बाद चुनाव हैं और भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत से जीतेगी। अरुण सिंह राजस्थान के साथ ही कर्नाटक के भी प्रभारी हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भी फिर से सरकार बनना तय है। गुजरात, हिमाचल चुनाव सहित राजस्थान के विभिन्न मुद्दों पर उन्होंने खुलकर बातचीत की।
सवाल- राजस्थान में अगले साल चुनाव हैं। पार्टी की तैयारियों की क्या स्थिति है?
जवाब- हमने पूरे प्रदेश में बूथ लेवल से लेकर पन्ना प्रमुख तक की टीम बना दी है। राज्य में हमारी अगली जीत अब तक की सबसे बड़ी जीत होगी। हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी गई है और वह उसे अभी से निभा रहा है।
सवाल- आपने सरकार के चार साल पूरे होने पर जयपुर में जिस रैली की तैयारी शुरू की थी वह तक नहीं हो रही है, पीछे हटने की वजह क्या है?
जवाब- सब कुछ पूर्व निर्धारित हो रहा है। जयपुर की रैली बाद में होगी। इससे पहले हम एक साथ 200 विधानसभाओं में जनआक्रोश यात्राएं निकाल रहे हैं। उन यात्राओं के बाद सवालों सहित सरकार पर जयपुर में हल्ला बोला जाएगा। गांव-गांव में प्रदर्शन होंगे।
सवाल- अगले माह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान आ रही है। भाजपा को इससे क्या फर्क पड़ेगा?
जवाब- यह फ्लॉप यात्रा है। हम राहुल गांधी से यहां आने से पहले ही पूछेंगे कि राजस्थान में आओ तो बताओ कि उस वादे का क्या हुआ? किसानों की कर्जमाफी, बेरोजगारी भत्ता, कानून और व्यवस्था दुरुस्त करना याद है या नहीं। हमारे सवालों का जवाब देना होगा। जनता भी सवाल पूछ रही है।
सवाल- कांग्रेस नेता कह रहेे हैं कि इस बार राजस्थान में पार्टी फिर से सत्ता में आएगी। वे इसे लेकर आश्वस्त हैं?
जवाब- राजस्थान में कांग्रेस का जो हाल है और उसने जो राजस्थान का हाल कर दिया है वह किसी से छुपा नहीं हैै। अब कान्फीडेंस तो चुनाव लडऩे वाले हर दल को दिखाना होता है। इनके 30 से भी कम सीट आएंगी। इन्हें भी इसका आभाष है। तभी मंत्री, विधायक, अधिकारी, पदाधिकारी सबको लूट की खुली छूट दे दी गई है। इनमें ऊपर से लेकर नीचे तक सिर फुटोव्वल है। आपस में लड़कर इन्होंने जनता को भुुला दिया है।
सवाल- अब सरदारशहर का उपचुनाव भी है। मौजूदा विधानसभा में आपका उपचुनाव ट्रेकरिकॉर्ड पक्ष में नहीं है।
जवाब- रविवार को ही देश के विभिन्न राज्यों के उपचुनाव परिणाम आए हैं। भाजपा का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा हैै। सरदारशहर उपचुनाव हम पूरी ताकत से लड़ेंगे और जीतेंगे। पर यह स्पष्ट कर दें कि हमारा लक्ष्य 2023 में प्रचंड बहुमत से जीतना है।
सवाल- आप कर्नाटक के भी प्रभरी हैं, वहां राजस्थान से पहले चुनाव हैं, क्या स्थिति रहेगी?
- राजस्थान में जैसे गहलोत-पायलट की लड़ाई है वैसे ही कर्नाटक में डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया की लड़ाई है। वहां जनता भाजपा के साथ है। पूरे देश में 42 प्रतिशत एफडीआई अकेले कर्नाटक में हैं। उद्योग जगत का विश्वास है। किसान, बेरोजगार और महिलाओं में वहां सरकार के प्रति प्रबल विश्वास है। कर्नाटक में पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी। इससे पहले हिमाचल प्रदेश में सरकार बनेगी और गुजरात में सर्वकालिक श्रेेष्ठ जीत दर्ज की जाएगी।