
राजस्थान का रण : भाजपा मुख्यालय में भी कार्यकर्ताओं का टोटा, खाली कुर्सियां बता रहीं सूनेपन की कहानी
अरविन्द शक्तावत / जयपुर। राजधानी के सबसे पॉश इलाकों में से एक सी स्कीम में है भाजपा का प्रदेश कार्यालय। किसी जमाने में एक मंत्री को यह बंगला अलॉट हुआ करता था, बाद में इसे भाजपा को दे दिया गया, तब से लेकर आज तक यहां भाजपा का कार्यालय ही चल रहा है। चुनाव का मौसम है और लोग सुबह से ही यहां आना शुरू हो जाते हैं, लेकिन मंगलवार को जो नजारा था, वह तो दूसरी कहानी ही बयां कर रहा था। भाजपा कार्यकर्ताओं का टोटा प्रदेश कार्यालय में दिख रहा था, वह सूनेपन की कहानी बता रहा था। सुन्दर सिंह भंडारी सभागार, पदाधिकारियों के कमरे, लाइब्रेरी, जिसका उद्घाटन अमित शाह ने किया था, सब सूने ही पड़े थे। यहां लोग टिकट मांगने कम और सरकार के रहते हुए जल्द से जल्द काम करवाने के लिए ज्यादा आ रहे हैं। दोपहर बारह बजे तक तो प्रदेश कार्यालय में कोई पदाधिकारी ही नहीं दिख रहा था।
भाजपा मीडिया सेल के कुछ पदाधिकारी अमित शाह की बैठक की तैयारी में जुटे हुए थे और सैनी समाज के आठ-दस लोग वहां मौजूद थे, जो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से मिलने आए हुए थे। सुरक्षा की स्थिति एेसी थी कि कार्यालय का मुख्य द्वार बंद कर रखा था और एक छोटा गेट खुला हुआ था, वहां भी पुलिस मौजूद थी। पुलिसकर्मी भी एेसे ही किसी को सीधे नहीं आने दे रहे थे। आने वाले को अपना नाम, पता, किससे मिलना है। यह लिखवा कर ही अंदर भेज रहे थे। साढ़े बारह बजे तक भाजपा के संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, महामंत्री भजन लाल शर्मा समेत इक्का-दुक्का पदाधिकारी मौजूद थे, लेकिन लोग इनसे मिलने की जगह अध्यक्ष का इंतजार कर रहे थे। बूंदी से आए सैनी समाज के एक व्यक्ति ने बताया कि वे अध्यक्ष मदन लाल सैनी से मिलने आए हैं। इंतजार कर रहे हैं, उनका स्वागत करेंगे, माला पहनाएंगे। उसके बाद एक काम है, उसके लिए फोन करवाना है।
एक ही चर्चा, आखिर कौन जीतेगा
मीडिया सेल में अमित शाह के दौरे की चर्चा के साथ ही यह चर्चा ज्यादा हो रही थी कि आने वाले विधानसभा चुनाव में किस पार्टी की सरकार बनेगी। मीडिया सेल के पदाधिकारी सबसे यही पूछ रहे हैं कि गौरव यात्रा का क्या फीडबैक है? ग्राउंड रिपोर्ट क्या कहती है। पदाधिकारियों को देख कर यह भी लग रहा था कि जो जोश २०१३ के चुनावों के समय भाजपा में था, वह इस बार नहीं दिख रहा।
Published on:
26 Sept 2018 07:00 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
