राजस्थान में लोकसभा चुनाव की हलचलों के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नाम से ठगी का एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। एक अंजान शख्स ने खुद को ईडी का अफसर बताते हुए एक व्यक्ति को डराया और उससे लाखों रुपए की ठगी को अंजाम दे डाला। मामला राजधानी जयपुर के बजाज नगर इलाके का […]
राजस्थान में लोकसभा चुनाव की हलचलों के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नाम से ठगी का एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। एक अंजान शख्स ने खुद को ईडी का अफसर बताते हुए एक व्यक्ति को डराया और उससे लाखों रुपए की ठगी को अंजाम दे डाला। मामला राजधानी जयपुर के बजाज नगर इलाके का है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र नाम के एक 64 वर्षीय व्यक्ति ने बजाज नगर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट के मुताबिक़ कुछ दिन पहले राजेंद्र के पास किसी अज्ञात शख्स का फोन आया। उसने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ED) का वरिष्ठ अधिकारी बताया।
पीड़ित शख्स ने बताया कि उस अंजान व्यक्ति ने कहा कि आपने अपना बैंक खाता फर्जी आधार कार्ड से खुलवाया है और इस खाते में करोड़ों की लेन-देन हुई है। अंजान शख्स ने पहले इस मामले में गिरफ्तारी का डर दिखाया और फिर गिरफ्तारी से बचने के लिए 5 लाख रुपए एक बैंक खाते में ट्रांसफर करने का प्रलोभन दिया।
रिपोर्ट में बताया गया है कि ईडी और गिरफ्तारी के डर से राजेंद्र ने बताए गए निर्देश पर अंजान शख्स के खाते में 5 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। लेकिन बाद में अपने साथ ठगी होने का आभास हुआ। इस पर राजेंद्र ने बजाज नगर पुलिस थाने पहुंचकर अपने साथ हुए घटनाक्रम बताकर मुकदमा दर्ज़ करवाया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की पड़ताल में जुट गई है।