2 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan News : सफाई कर्मियों के 24 हजार पदों पर भर्ती को लेकर आया नया अपडेट, मंत्री ने कही यह बड़ी बात

स्वायत्त शासन मंत्री ने बताया कि प्रदेश में सफाई कर्मियों की भर्ती के लिए समय-समय पर नियमों को संशोधित किया गया है।

2 min read
Google source verification

Jaipur News : जयपुर. राजस्थान में सरकारी नौकरी को लेकर अच्छी खबर है। प्रदेश के स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार को विधानसभा में आश्वासन दिया कि सफाई कर्मियों की नियुक्ति के लिए निर्धारित नियमों के संबंध में दायर याचिकाओं के संबंध में उच्च न्यायालय के फैसले के परीक्षण के बाद शीघ्र ही भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 24 हजार 797 सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए 1 मार्च 2024 को विज्ञप्ति जारी की गई थी, जिसके लिए कुल 9 लाख 20 हजार 442 आवेदन प्राप्‍त हुए हैं। मंत्री ने आगे कहा कि नियुक्ति के लिए निर्धारित नियमों के विरुद्ध उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर होने के कारण भर्ती प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा सका था।

स्वायत्त शासन मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सफाई कर्मियों की भर्ती के लिए समय-समय पर नियमों को संशोधित किया गया है। सफाई कर्मियों की भर्ती के लिए 2012 में नियम बने थे, जिसमें नगर निकायों के 2 साल के अनुभव की योग्यता रखी गई थी। इसके बाद 11 अप्रेल 2018 को पुन: संशोधन कर 2 साल के स्थान पर एक वर्ष अनुभव कर दिया गया तथा 2 बच्चों का प्रावधान जोड़ा गया। नियमों में परिवर्तन कर भर्ती में निजी संस्थान अथवा व्यक्तिगत अनुभव प्रमाण पत्र को भी मान्यता दी गई।

उन्होंने बताया कि मूल नियमों में परीक्षा तथा साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती का प्रावधान था। तत्पश्चात 23 जनवरी 2023 को लॉटरी के माध्यम से भर्ती का प्रावधान किया गया। उसके बाद 8 जून 2023 को प्रायोगिक परीक्षा का प्रावधान भी जोड़ा गया। इससे पहले विधायक रामनिवास गावडिया के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में स्वायत्त शासन मंत्री ने कहा कि विगत सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों की भर्ती हेतु विज्ञप्ति संख्‍या 1/2023, 9 जून 2023 एवं 2/2023 दिनांक 6 अक्टूबर 2023 को जारी की गई थी।

पूर्व में जारी इन दोनों विज्ञप्‍तियों को प्रत्‍याहारित करने एवं सम्‍यक संशोधन उपरान्‍त 1 मार्च 2024 को एक नई विज्ञप्ति संख्‍या 1/2024 जारी की गई। इस विज्ञप्ति के क्रम में राज्‍य के विभिन्‍न नगरीय निकायों में 24 हजार 7 97 सफाई कर्मचारियों के पदों के लिए कुल 9 लाख 20 हजार 442 आवेदन प्राप्‍त हुए हैं, जिनकी भर्ती हेतु लॉटरी किए जाने के लिए सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के माध्‍यम से एक 'लॉटरी पोर्टल' बनवाए जाने का कार्य प्रगतिरत है।

उन्होंने बताया कि उक्‍त सफाई कर्मचारी भर्ती, राज्‍य में प्रभावी राजस्‍थान नगर पालिका (सफाई कर्मचारी सेवा) नियम, 2012 एवं इन्‍ही नियमों में समय-समय पर किए गए सम्‍यक संशोधन के अंतर्गत की जा रही है। उन्होंने नियमों की प्रति सदन के पटल पर रखी। उन्होंने बताया कि उक्‍त सफाई कर्मचारी भर्ती में राजस्‍थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 के अंतर्गत निर्धारित स्‍टाफिंग पैटर्न के अनुसार अधिकतम पद स्‍वीकृत हैं।