
Vandebhart Train : राजस्थान की वंदेभारत ट्रेन पर पथराव की घटनाएं बढ़ती जा रही है। अब जयपुर के रास्ते अजमेर से दिल्ली कैंट के बीच हाल ही शुरू हुई प्रदेश की पहली सेमी-हाई स्पीड ट्रेन वंदेभारत ट्रेन पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। तीन बार अज्ञात लोगों ने इस ट्रेन पर पत्थर फेंके हैं। जिससे विंडो के शीशे टूट गए। गनीमत रही पत्थर या कांच से किसी यात्री को चोट नहीं लगी।
रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुटा है। दरअसल, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन को यहां से शुरू हुए 15 दिन भी नहीं हुए कि इस पर पत्थरबाजी शुरू हो गई है। महज सात दिन में तीन बार इस पर पत्थर फेंके गए हैं। समाजकंटकों ने रविवार, सोमवार को लगातार दो दिन इस घटना को अंजाम दिया है। घटना के कारण यात्रियों में भय व्याप्त है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह घटना शाम को साढ़े छह से सात बजे के बीच हुई है। इस दौरान ट्रेन दिल्ली कैंट से जयपुर आ रही थी। दिल्ली के पालम व गुरुग्राम स्टेशन के समीप इस पर पथराव हुआ है। जिससे कोच संख्या सी 4 व सी 5 में तीनों बार में एक-एक विंडो का कांच टूटे हैं। घटना के दौरान ट्रेन में आरपीएफ स्टाफ तैनात था। उसने घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी। जिसके बाद घटना स्थल के आसपास लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है लेकिन अभी तक पत्थरबाजों का पता नहीं चल सका।
पांच साल की सजा फिर भी भय नहीं
वंदेभारत ट्रेन सुरक्षा को लेकर अब रेलवे सुरक्षा बल भी पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। अभियान चलाकर समझाइश की जा रही है। लोगों को बता रहे हैं कि इस ट्रेन पर पत्थर फेंकने पर 5 साल की सजा का प्रावधान है। फिर भी ऐसी घटना हो रही है। जयपुर मंडल में गत वर्ष ट्रेनों पर पथराव के आठ मामले सामने आए थे।
तेज आवाज सुनकर घबरा गए यात्री
ट्रेन दिल्ली से जयपुर आ रही थी। यह करीब 110 किमी की रफ्तार में दौड़ रही थी। अचानक तेज आवाज आई। जिससे यात्री घबरा गए। उन्हें कुछ देर बाद में पता चला कि ट्रेन पर पथराव हुआ है। जिससे शीशे टूटे हैं।
Published on:
26 Apr 2023 09:56 am
