जयपुर। भरतपुर जिले के चिकसाना थाने के गांव नौगाया में एक दलित दूल्हे की बारात के दौरान विवाद हो गया। बीती रात दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इस दौरान पथराव से अफरा-तफरी मच गई। करीब एक दर्जन लोगों के चोटिल होने की बात सामने आई है, हालांकि प्रशासन ने अस्पताल में दो घायलों के पहुंचने का दावा किया है। दूल्हे के घोड़ी पर चढ़ने के बाद जैसे ही निकासी शुरू की गई तो दूसरे पक्ष की महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया। पुलिस के वाहनों के सामने खड़े होकर बारात निकासी का विरोध जताया। कुछ देर बाद ही निकासी के रास्ते में कुछ असामाजिक तत्वों ने एक दीवार को गिरा दिया, जो कि पुलिस के एक वाहन पर जाकर गिरी। कुछ लोगों ने पथराव भी कर दिया। इसमें रामचरण एवं वेदपाल सिंह नौगाया घायल हो गए। इन्हें आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाकी लोगों को मामूली चोट आई हैं। सीओ ग्रामीण भरतपुर आकांक्षा ने बताया कि दो दिन पहले नौगाया निवासी राजवीर ने थाना चिकसाना पुलिस को प्रार्थना पत्र पेश किया था कि उसकी बहन की 11 जुलाई को शादी है, उसके दलित होने से कुछ लोग उपद्रव मचा सकते हैं। इस पर एसएचओ चिकसाना देरावर सिंह ने विवाह समारोह से एक दिन पूर्व ही 10 जुलाई को गांव नौगाया में विवाह स्थल पर पुलिस का जाब्ता तैनात किया गया। असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर एहतियात के तौर पर उन लोगों से समझाइश भी की गई।