
राजस्थान यूनिवर्सिटी (फोटो: पत्रिका)
Rajasthan University Attendance Scam: राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर के एक विधि महाविद्यालय अगस्त 2024 से नाबालिग से सामूहिक बलात्कार के मामले में न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में बंद दो छात्रों की लगातार हाजिरी दर्ज होने का मामला सामने आया है।
शहर के पॉक्सो मामलों के विशेष न्यायालय ने हाजिरी पर सवाल उठाते हुए दोनों छात्रों को परीक्षा की अनुमति देने से इनकार कर दिया। खुलासा तब हुआ, जब एलएलबी द्वितीय वर्ष के छात्र रामवीर सिंह उर्फ वीर गुर्जर व धर्मपाल उर्फ नवीन ने परीक्षा में बैठने की अनुमति मांगी। कोर्ट के पीठासीन अधिकारी तिरुपति कुमार गुप्ता ने इन छात्रों का प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया।
आदेश में खुलासा किया कि फरार होने के कारण पुलिस उपायुक्त जयपुर-दक्षिण ने दो अगस्त 23 को 2-2 हजार और 25 जुलाई 24 को 10-10 हजार रुपए इनाम घोषित किया, लेकिन इन छात्रों ने 23 अगस्त 23 को राजस्थान विश्वविद्यालय के विधि महाविद्यालय-द्वितीय में प्रवेश ले लिया और 27 मई 24 से दो जुलाई 24 के बीच विधि स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षा भी दी। ये छात्र 29 अगस्त 24 को गिरफ्तार हुए और 30 अगस्त 24 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। तब से न्यायिक अभिरक्षा में हैं।
जयपुर महानगर-प्रथम क्षेत्र के पॉक्सो मामलों के न्यायालय क्रम-2 ने परीक्षा में बैठने की अनुमति मांगने का प्रार्थना पत्र खारिज करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए आदेश की कॉपी राजस्थान विश्वविद्यालय कुलपति और राजस्थान बार काउंसिल के अध्यक्ष को भी भेजी है।
Updated on:
23 Jun 2025, 10:38 AM IST
Published on:
23 Jun 2025, 10:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.