
राजस्थान यूनिवर्सिटी। फाइल फोटो- पत्रिका
जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय की एमए समाजशास्त्र सैकंड सेमेस्टर परीक्षा में मंगलवार को बड़ी लापरवाही सामने आई। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र की जगह उत्तर कुंजी (आंसर की) वाली शीट वितरित कर दी गई। प्रश्नों के साथ उत्तर देखकर छात्र हैरान रह गए और परीक्षा केंद्र पर हंगामा शुरू हो गया। वीक्षक की ओर से बाद में आंसर की वापस ले ली गई। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग ने तत्काल परीक्षा रद्द कर दी। अब यह परीक्षा 27 जून को आयोजित की जाएगी।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी के अनुसार एमए समाजशास्त्र सेमेस्टर परीक्षा में करीब 300 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। प्रश्नपत्र वितरण के दौरान जैसे ही विद्यार्थियों ने देखा कि उन्हें प्रश्नपत्र के बजाय उत्तरों वाली शीट मिली है, उन्होंने परीक्षा देने से इनकार कर दिया और परीक्षा केंद्र पर विरोध जताया। बाद में बड़ी संख्या में छात्र राजस्थान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन पहुंचे और परीक्षा विभाग की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की चूक से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
परीक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार पेपर सेटर की ओर से एक लिफाफे में प्रश्नपत्र व दूसरे अलग लिफाफे में प्रश्नों की उत्तर कुंजी भेजी जाती है। प्रिंटिंग प्रक्रिया के दौरान उत्तर कुंजी वाला लिफाफा प्रश्नपत्र समझकर छप गया और सीलबंद अवस्था में सीधे परीक्षा केंद्र पहुंच गया। चूंकि सीलबंद लिफाफा परीक्षा शुरू होने से पहले नहीं खोला जाता, इसलिए यह गड़बड़ी समय रहते पकड़ में नहीं आ सकी। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र की जगह उत्तर कुंजी वितरित कर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा निरस्त कर दी है और नई तिथि 27 जून घोषित की है। मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही राजस्थान यूनिवर्सिटी की सेंट्रल लाइब्रेरी में तपती गर्मी के बीच छात्रों को ठंडा पानी न मिलने का मुद्दा विवाद में बदल गया। शिकायत पर छात्र नेता शुभम रेवाड़ के नेतृत्व में दर्जनों छात्र लाइब्रेरी पहुंचे और बदहाली देखकर जमकर नाराजगी जताई थी। आक्रोशित छात्रों ने एक चौंकाने वाला कदम उठाते हुए लाइब्रेरी के हेड ऑफ डिपार्टमेंट राजेश पूनिया के केबिन में रखा डबल डोर फ्रिज बाहर निकाल लिया और उसे आम विद्यार्थियों के उपयोग के लिए गैलरी में रखवा दिया था।
Updated on:
16 Jun 2026 09:04 pm
Published on:
16 Jun 2026 06:13 pm
