
Photo Patrika
Weather Alert in Rajasthan जयपुर। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी करते हुए तेज आंधी, धूलभरी हवाओं और बारिश का अलर्ट दिया है। जारी चेतावनी के अनुसार पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मेघगर्जन और मध्यम बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे का अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के तहत नागौर, दौसा, टोंक, सवाईमाधोपुर, भरतपुर, अलवर, डीग, कोटपूतली—बहरोड,खैरथल—तिजारा जिलों में बारिश की संभावना है।
वहीं बीकानेर, सीकर, जयपुर, अजमेर, करौली, धौलपुर, डीडवाना—कुचामन सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और कच्चे ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और खुले स्थानों से दूर रहें।
जयपुर। प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पाकिस्तान और कश्मीर क्षेत्र पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में आगामी दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसके साथ ही उत्तर पंजाब, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण का भी असर प्रदेश के मौसम पर पड़ेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है, जिससे हीटवेव से आंशिक राहत मिलेगी। वहीं बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से दोपहर बाद अगले 3 से 4 दिनों तक कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मई के पहले सप्ताह में भी कुछ क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है, लेकिन इसके साथ ही तेज हवाएं, गर्जना और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बदलते मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Updated on:
30 Apr 2026 04:11 pm
Published on:
30 Apr 2026 04:04 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
