– आज सवेरे राजधानी जयपुर में तेज हवा का दौर
जयपुर। होली का पर्व नजदीक आ रहा है। ऐसे में मौसम में भी उठा-पटक जारी है। बीते दो दिन से पड़ रही गर्मी के बाद आज सवेरे राजधानी जयपुर में चल रही पुरवाई ठंडी हवाओं से मौसम सर्द हो गया। लोगों को आज सवेरे हल्की सर्दी महसूस हुई। प्रदेश के अन्य जिलों में भी पुरवाई हवा चलने के समाचार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पुरवाई हवा के बाद मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आएगा और होली के बाद मौसम में एकदम से गर्माहट बढ़ेगी और गर्मी का सीजन शुरू हो जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार, आज सवेरे राजधानी जयपुर में चल रही ठंडी हवाओं से मौसम सुहाना हो गया। ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में भी गिरावट आई है। आज सवेरे राजधानी जयपुर में तापमान 16 डिग्री सेल्सियसरेकॉर्ड किया गया। वहीं कुछ जिलों में आज सवेरे भी हल्का कोहरा छाया रहा।
मौसम ने फिर बदली अपनी रंगत
फाल्गुन मास में प्रदेश में बीते 24 घंटे में मौसम ने कई रंग दिखाए हैं। बीकानेर संभाग में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ तो आज सुबह जयपुर और दौसा जिले में तेज हवाओं का दौर रहा। इससे मौसम का मिजाज एक बार फिर से सर्द नजर आया। साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव होने के कारण प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में फिर से मौसम शुष्क रहने और दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान जताया है।
कहां कितना रात में पारा
दो दिन पहले कई जिलों में हुई बारिश और ओलावृष्टि से रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई। बीती रात 3 डिग्री तक पारा लुढ़कने पर मौसम में बढ़ती गर्माहट भी कम हुई। हालांकि अब भी ज्यादातर शहरों में रात का तापमान औसत से अधिक दर्ज हुआ। अजमेर 17.3, वनस्थली 15.2, अलवर 13.3, जयपुर 16, पिलानी 15.2, सीकर 14.2, कोटा 18.2, चित्तौड़गढ़ 16.3, डबोक 16.3, धौलपुर 14.4, अंता बारां 14.3, डूंगरपुर 18, सिरोही 13.5, फतेहपुर 18.1, करौली 13.2, दौसा 13.3, प्रतापगढ़ 18.5, झुंझुनूं 15.1, माउंटआबू 12.2, बाड़मेर 20, जैसलमेर 17, जोधपुर 17, बीकानेर 16.5, चूरू 16.3, श्रीगंगानगर 12.4, नागौर 15.1 और जालोर में 19 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।