30 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rain Alert : राजस्थान में तेज हवा के साथ बारिश और गिरे ओले, बैक-टू-बैक आ रहा पश्चिमी विक्षोभ, 5 अप्रेल तक अलर्ट

Rajasthan Weather Alert : पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राजस्थान का मौसम बदल गया है। सोमवार दोपहर बाद कोटा, झालावाड़, बारां, बीकानेर, अलवर, अजमेर और चूरू सहित कई स्थानों पर बारिश हुई।

2 min read
Google source verification
Rajasthan weather update, Rajasthan rain hailstorm, Western disturbance Rajasthan, Rajasthan rain alert April
Play video

राजस्थान में तेज हवा के साथ बारिश और गिरे ओले। फोटो पत्रिका

जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राजस्थान का मौसम बदल गया है। सोमवार दोपहर बाद कोटा, झालावाड़, बारां, बीकानेर, अलवर, अजमेर और चूरू सहित कई स्थानों पर बारिश हुई। भीलवाड़ा के शाहपुरा में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। जैसलमेर में आंधी चली। जयपुर और जोधपुर सहित कई जिलों में बादल छाए रहे। वहीं झालावाड़ जिले के बाघेर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे झालावाड़ रेफर कर दिया गया। मौसम केन्द्र के अनुसार आगामी दिनों में बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी-बारिश होने की संभावना है।

कोटा में बारिश, झालावाड़ में बिजली गिरने से महिला घायल

कोटा शहर में दोपहर में तेज बारिश हुई। बारिश के चलते शहर की सड़कों पर पानी बह निकला और लोगों को गर्मी से राहत मिली। नयापुरा इलाके के ग्रामीण पुलिस लाइन ऑफिस में तेज बारिश और आंधी के साथ पीपल के पेड़ का एक हिस्सा नीचे गिर गया। हालांकि इस दौरान किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

झालावाड़ जिले कई स्थानों में बारिश हुई। जिले के बाघेर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला घायल हो गई। परिजनों ने घायल महिला को स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के झालावाड़ रेफर कर दिया। इसके अलावा मंडी परिसरों में खुले में रखी उपज और बारदानों में भरा अनाज बारिश में भीग गया, जिससे किसानों और व्यापारियों को नुकसान की आशंका है। खेतों में कटी पड़ी फसल पर भी खतरा मंडरा रहा है। खेतों में पड़े गेहूं के ढेरों को बचाने के लिए किसानों ने तिरपाल डालकर अपनी फसल को बचाना पड़ा।

आगामी दिनों में बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ

मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। सोमवार को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी (40-50Kmph) व कहीं-कहीं हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है। 31 मार्च को भी शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।

3 अप्रेल से फिर सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ

1-2 अप्रेल को छुटपुट स्थानों पर मेघगर्जन व बूंदाबांदी तथा ज्यादातर स्थानों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। 3-5 अप्रेल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पुनः राज्य के कई भागों में आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

विशेष कृषि मौसम सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खुले में रखी फसल, अनाज और कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढककर रखें, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान से बचा जा सके।