24 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

महिला किराएदार ने बेटों संग मिलकर मकान मालिक को किया किडनैप, करोड़ों की फिरौती मांगी, जयपुर पुलिस ने 1700KM पीछा कर छुड़ाया

Rajasthan News: जयपुर में पूर्व किराएदार महिला ने अपने बेटों और अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रॉपर्टी कारोबारी का अपहरण कर 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। पुलिस ने 3 दिन तक करीब 1700 किलोमीटर पीछा कर कोटपूतली के पास कारोबारी को सकुशल छुड़ा लिया और 3 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
2 min read
Google source verification
jaipur property dealer kidnaping case

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो: पत्रिका)

Jaipur Property Dealer Kidnapping Case: प्रॉपर्टी कारोबारी के अपहरण और दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगने वाले गिरोह का झोटवाड़ा थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने लगातार तीन दिन तक करीब 1700 किलोमीटर पीछा करते हुए कोटपूतली के पास घेराबंदी कर कारोबारी को सकुशल मुक्त कराया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य साजिश में शामिल महिला और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि 21 अगस्त को परिवादी मोहम्मद ने पिता मोहम्मद यूनुस के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार यूनुस का जयपुर के झोटवाड़ा, खोराबीसल, जयसिंहपुरा खोर और नाई की थड़ी क्षेत्र में प्रॉपर्टी का कारोबार है। 20 अगस्त को वह संजय नगर तिराहे पर काम से गए थे और उनका अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने यूनुस के ही मोबाइल से फोन कर परिजन से 2 करोड़ की फिरौती मांगी और पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बदमाशों के आने-जाने का रूट चार्ट तैयार किया। आरोपी पीड़ित को एक जगह रखने के बजाय लगातार अलग-अलग इलाकों में ले जाते रहे, ताकि पुलिस को उनकी लोकेशन का पता न चल सके।

आरोपी यूनुस को जयपुर से सवाईमाधोपुर, कोटा और मध्यप्रदेश तक घुमाते रहे। पुलिस टीम ने लगातार उनका पीछा किया। दिल्ली-अजमेर हाईवे पर आरोपियों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम और राहगीरों पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने कोटपूतली पुलिस की मदद ली और इलाके में घेराबंदी कर दी।

बाद में आरोपी कार छोड़कर खेतों की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने खेतों में घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया और कारोबारी यूनुस को सकुशल मुक्त करा लिया।

पूर्व किराएदार ने रची साजिश

थानाधिकारी रायसल सिंह ने बताया कि पीड़ित की पूर्व किराएदार सोफिया बेगम ने उसकी आर्थिक स्थिति जानकर अपने बेटों जावेद, मुन्ना और अन्य बदमाशों के साथ मिलकर 20 अगस्त को वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सैफ अली उर्फ सैफू, नाजिम कुरैशी और जावेद हुसैन को गिरफ्तार कर कार व हथियार जब्त किए हैं। आरोपियों पर पूर्व में लूट, फायरिंग व फिरौती के मामले दर्ज हैं। महिला व अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।