
Jaipur Accident: हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार और मौके पर जुटी भीड़ (फोटो-पत्रिका)
जयपुर। जिले के रायसर थाना क्षेत्र में मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर रविवार देर शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कुशलपुरा के पास एक तेज गति से दौड़ रहे ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे में कार सवार 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रामपुरा निवासी बंशीलाल शर्मा (32) के रूप में हुई है। वह कार से गुजर रहे थे, तभी कुशलपुरा के समीप सामने से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और बंशीलाल वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही रायसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया, लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण युवक को बाहर निकालना आसान नहीं था। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद ली गई और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला जा सका।
गंभीर हालत में बंशीलाल को एम्बुलेंस से निम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त कार और ट्रेलर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद लगभग एक घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
Updated on:
23 Aug 2026 10:59 pm
Published on:
23 Aug 2026 10:59 pm
