
पानी भरने से बढ़ा हादसों का खतरा, स्कूल बच्चों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी
पापड़दा. कस्बे के समीप ग्राम हापावास के बासना क्षेत्र में पहली ही अच्छी बारिश ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। सड़क से डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और पूरा मार्ग गहरे गड्ढों में तब्दील हो गया है। बारिश का पानी भरने से सड़क तालाब जैसी नजर आने लगी है, जिससे पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को झेलनी पड़ रही है। कई लोग गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक मूकदर्शक बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की बदहाल स्थिति से संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन मरम्मत के नाम पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं कराया गया तो मानसून के दौरान आवागमन पूरी तरह बाधित होने के साथ बड़े हादसों की आशंका भी बढ़ जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
Updated on:
22 Jul 2026 06:00 am
Published on:
22 Jul 2026 06:00 am
