
बारां जिले में हुई बारिश का फोटो: पत्रिका
Rajasthan Weather Update: जयपुर करीब 15 दिन की बेसब्री से इंतजार के बाद आखिर पूर्वी राजस्थान में मानसून ने फिर से धमाकेदार एंट्री की है। मंगलवार को जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, कोटा, झालावाड़, बारां और उदयपुर सहित कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। जिसमें सबसे अधिक बारां जिले के छीपाबड़ौद में 5, सीकर ग्रामीण में 4.5, सीकर के धोद में 4.5 , कोटा के सुल्तानपुर में 4, दौसा के रामगढ़ पचवारा में साढ़े तीन इंच, झालावाड़ के खानपुर व टोंक के अलीगढ में सवा तीन और बारां के छबड़ा में पौने तीन इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है, जबकि मानसून ट्रफ लाइन भी अपनी सामान्य स्थिति में बनी हुई है। इसी के प्रभाव से अगले चार से पांच दिन तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून के सक्रिय रहने और रफ्तार पकड़ने की संभावना है। जिसके असर से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी भागों में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना है।
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार 22 से 26 जुलाई के बीच कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं जयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले 24 जिलों में बुधवार को भारी व अति भारी बारिश की चेतावनी भी दी है। इस दौरान कुछ अन्य जिलों में भी भारी और एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश भी हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जिलों में भी भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। सोमवार को भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश हुई।
हाड़ौती क्षेत्र में सोमवार से शुरू हुई बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। यहां कोटा, बारां और झालावाड़ में बारिश से लोगों और किसानों ने राहत की सांस ली। कोटा शहर में दोपहर करीब दो बजे तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब सवा घंटे तक जारी रहा। जिले के रामगंजमंडी, सांगोद, इटावा, सुल्तानपुर, अरण्डखेड़ा, कैथून, खातौली, कुंदनपुर सहित अन्य स्थानों पर जमकर बारिश हुई। वहीं बारां जिले के अंता, छबड़ा, अटरू, छीपाबड़ौद, शाहाबाद, किशनगंज में बारिश हुई।
कोटा के रानपुर क्षेत्र के केबलनगर में मंगलवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। नीरज फागणा (23) घर की छत पर था। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह अचेत हो गया।
Updated on:
22 Jul 2026 06:46 am
Published on:
22 Jul 2026 06:44 am
