
जयपुर।
प्रदेश की सरकारी भर्ती परीक्षाओं के निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजन का ज़िम्मा अब आर्मी के रिटायर्ड मेजर जनरल पर रहेगा। दरअसल, राज्य सरकार ने राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की कमान रिटायर्ड मेजर जनरल आलोक राज को सौंपी है। इस संबंध में बुधवार देर रात सरकारी आदेश जारी किए गए।
गौरतलब है कि कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से पूर्व में हुई सरकारी भर्ती परीक्षाएं पेपर लीक से लेकर अन्य गड़बड़ियों के चलते सवालों के घेरे में रही हैं। विरोधी राजनीतिक पार्टियों ने इन्हें मुद्दा बनाकर सरकार को कई बार घेरा है। यही नहीं इन गड़बड़ियों के चलते कई भारतियों और उनकी परीक्षाओं पर ब्रेक लगा हुआ है।
शर्मा की जगह लेंगे आलोक
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने पिछले दिनों अपने पद से 23 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था। जबकि शर्मा के कार्यकाल पूरा होने और रिटायरमेंट को करीब दो महीने का वक्त और था। ऐसे में अब रिक्त पद को भरते हुए रिटायर्ड मेजर जनरल आलोक राज को नियुक्ति दी गई है।
उम्दा रहा है सेना का कार्यकाल
रिटायर्ड मेजर जनरल आलोक राज भारतीय सेना में 37 वर्ष से अधिक समय तक सेवाएं दे चुके हैं। जून 1983 में सिख लाइट इन्फेंट्री की पहली बटालियन में कमीशन हुए थे। यूएन सैन्य पर्यवेक्षक के रूप में उन्होंने अंगोला में विदेशी मिशन के साथ काम किया। अब वे सैन्य करियर से इतर प्रशासनिक ज़िम्मेदारी की अपनी नई पारी खेलेंगे।
ज़िम्मेदारी नई, चुनौतियां बड़ी
रिटायर्ड मेजर जनरल आलोक राज के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ज़िम्मेदारी चुनौतियों से कम नहीं होगी। माना जा सकता है कि चुनावी वर्ष में आचार संहिता लगने से पहले विभिन्न कारणों से अटकी भर्तियों के साथ ही घोषित भर्तियों का आयोजन करने पर उनका फोकस रह सकता है।
ये होनी हैं भर्तियां (सितंबर-अक्टूबर में प्रस्तावित)
सूचना सहायक भर्ती - 9 सितंबर
कनिष्ठ लेखाकार और तहसील राजस्व लेखाकार भर्ती - 17 सितंबर
संविदा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता भर्ती - 24 सितंबर (पहली पारी)
संविदा नर्सेज भर्ती - 24 सितंबर (दूसरी पारी)
संगणक भर्ती - 14 अक्टूबर (पहली पारी)
पर्यवेक्षक भर्ती - 14 अक्टूबर (दूसरी पारी)
कृषि पर्यवेक्षक भर्ती - 21 अक्टूबर (पहली पारी)
सुपरवाइजर भर्ती - 21 अक्टूबर (दूसरी पारी)
Published on:
17 Aug 2023 10:13 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
