
सफाई कर्मचारी भर्ती में आरक्षण का फेर, शहर में लगे कचरे के ढेर
जयपुर। सफाई कर्मचारी भर्ती में आरक्षण के विरोध में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन बुधवार को भी जारी है। हड़ताल के चलते शहर में कचरा नहीं उठ पा रहा है। लोग निगम में कचरा नहीं उठने की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन हड़ताल की वजह से शिकायतों का निपटारा नहीं हो पा रहा है। खास बात यह है कि नगर निगम ने डोर टू डोर कचरा संग्रहण का काम ठेके पर दे रखा है, इसके बाद भी ज्यादातर जगहों पर हूपर भी नहीं पहुंच रहे हैं।
इन हूपर्स पर भी वाल्मीकि समाज के लोग ही सफाई का काम कर रहे हैं, ऐसे में समाज के आह्वान पर ये कर्मचारी भी हड़ताल पर हैं। संयुक्त वाल्मीकि सफाई श्रमिक संघ ने साफ किया है कि जब तक मांगें नहीं मानी जाती है। हमारी हड़ताल जारी रहेगी। संघ ने प्रत्येक जोन की टीमें बनाई है जो दिन रात घूमेगी और जांच करेगी कि कोई सफाइ का काम तो नहीं कर रहा है। यदि कोई सफाई करता हुआ पाया जाता है तो उससे समझाइश कर आंदोलन में शामिल होने की अपील की जाएगी।
ग्रेटर मुख्यालय के बाहर नारेबाजी
संघ की ओर से ग्रेटर नगर निगम के मालवीय नगर जोन धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस बैठक में आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। इसके बाद अचानक सभी कर्मचारी रैली के रूप में ग्रेटर निगम मुख्यालय पहुंच गए और यहां नारेबाजी की गई। संघ ने साफ कर दिया है कि केवल मुख्यमंत्री से वार्ता की जाएगी। एलएसजी की ओर से कर्मचारियों को वार्ता का न्यौता भी मिला था। लेकिन संघ पदाधिकारियों ने साफ कर दिया कि पहले ही दो बार समझौता हो चुका है, जिसकी पालना नहीं की जा रही है, इसलिए अब मुख्यमंत्री से ही वार्ता करेंगे।
अगले महीने की 15 से भरेंगे आवेदन
डीएलबी ने 176 नगरीय निकायों में 13 हजार 184 पदों पर सफाई कर्मचारियों की भर्ती की विज्ञप्ति जारी की है। इसमें आवेदक को एक साल का सफाई कार्य का अनुभव मांगा। इसके लिए किसी भी ठेकेदार या प्लेसमेंट एजेंसी से अनुभव प्रमाण पत्र लेना जरूरी है। आवेदन 16 जून तक भरे जा सकेंगे। सबसे ज्यादा भर्ती जयपुर शहर के नगर निगम ग्रेटर में होनी है। यहां 3670 पद खाली है। नगर निगम हैरिटेज में 108 पद खाली है। इन नगर निगम के चौंमू में 46, सांभर में 45, चाकसू में 47, कोटपूतली में 67, फुलेरा में 9, जोबनेर में 57, किशनगढ़-रेनवाल में 30, शाहपुरा में 14 और बगरू नगर पालिका में 33 पद सफाई कर्मचारियों के खाली पड़े है।
Published on:
26 Apr 2023 03:43 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
