
राजधानी के प्रसिद्ध सामोद वीर हनुमान मंदिर में लगे रोप-वे का इंतजार और बढ़ गया है। दरअसल, लम्बे समय से रोप-वे की जमीन के मालिकाना हक पर विवाद चल रहा है। जहां रोप-वे बनाया गया है, उस जमीन को मंदिर प्रशासन अपना बता रहा था और वन विभाग उस पर अपना स्वामित्व बता रहा था। जिला प्रशासन ने आखिरकार निर्णय करते हुए उस भूमि को वन विभाग का मान लिया है। अब मंदिर प्रशासन को यह भूमि वन विभाग से डायवर्ट करवाने के लिए कहा है। यानी वन विभाग भूमि के उपयोग को रोप-वे के लिए डायवर्ट कर दे। उसके बाद ही रोप-वे को हरी झंडी मिल पाएगी।
नहीं चढ़नी पड़ेंगी 1050 सीढ़ियां
रोप-वे संचालन के बाद भक्तों को मंदिर की 1050 सीढ़ियां नहीं चढ़नी पड़ेंगी। श्रद्धालु पूरा सफर पांच मिनट में तय कर पाएंगे। रोप-वे के जरिए नांगल भरड़ा खोल से मंदिर तक का सफर तय किया जाएगा। रोप-वे में कुल छह ट्रॉलियां एक साथ काम करेंगी। एक ट्रॉली में आठ लोग सफर कर सकेंगे। रोप-वे की सुविधा शुरू होने के बाद दिव्यांग व बुजुर्ग श्रद्धालुओं को मंदिर में सहूलियत होगी।
सुरक्षा कारणों से लगाई थी रोक
करीब ढाई साल पहले मंदिर में रोप-वे शुरू कर दिया गया था लेकिन संचालन के करीब एक महीने बाद ही तत्कालीन कलक्टर जगरूप सिंह यादव ने सुरक्षा कारणों से रोप-वे के संचालन पर रोक लगा दी थी। इस संबंध में वीर हनुमान मन्दिर के महंत एवं ट्रस्टी महाराज अवध बिहारीदास से बिना अनुज्ञा रोप वे का संचालन शुरू करने के सम्बन्ध में स्पष्टीकरण मांगा था। जिसमें यह कहा गया था कि बिना अनुज्ञा के रोप वे संचालन राजस्थान रज्जू अधिनियम 1996 का उल्लंघन है। साथ ही जारी पत्र में महंत एवं ट्रस्टी को पाबंद किया गया था कि इस अधिनियम के अनुसार आवेदन एवं प्रक्रिया का पालन करते हुए जिला मजिस्ट्रेट से रोपवे संचालन का लाइसेंस प्राप्त करने के बाद इसका संचालन करें। ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
● करीब 5 साल पहले जुलाई 2016 में शुरू हुआ था रोप-वे का काम।
● ऑटोमैटिक सेंसर सिस्टम से ऑपरेट होगा रोप-वे।
● रोप-वे पर संचालित होंगी छह ट्रालियां। ● दोनों टर्मिनल के बीच चार टावर लगे हैं।
● प्रति श्रद्धालु एक तरफ का किराया 60 रुपए लगेगा।
● खोल से मंदिर जाने में लगेंगे 5 मिनट।
● 5.5 करोड़ लागत से बनकर तैयार हुआ रोप-वे।
● नीचे से मंदिर तक 450 मीटर है दूरी
Published on:
12 Dec 2022 10:27 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
