सीतारामजी, वीर हनुमान ट्रस्ट सामोद द्वारा यह मंदिर बनाया गया था। हनुमान मंदिर निर्माण के पीछे की कहानी अदृभुत है। मान्यता है कि यहां पर स्थापित होने के लिए खुद हनुमानजी ने ही आकाशवाणी के माध्यम से अपनी इच्छा प्रकट की थी। सामोद निवासी देवीसिंह मीना के मुताबिक लगभग 600 वर्ष पूर्व संत नग्नदास और उनके शिष्य लालदास सामोद पर्वत पर तपस्या करने आए। कहा जाता है कि तपस्या के दौरान एक दिन संत नग्नदास ने आकाशवाणी सुनी— मैं यहां वीर हनुमान के रूप में प्रकट होऊंगा। उसी समय उन्हें पहाड़ी की चट्टान पर साक्षात हनुमान के दर्शन भी हुए। आकाशवाणी और हनुमानजी के दर्शन के बाद संत नग्नदास हनुमान आराधना में लीन हो गए। जिस चट्टान पर उन्हें हनुमानजी के दर्शन प्राप्त हुए थे, उसे वे हनुमानजी की मूर्ति का आकार देने लगे। बाद में मंदिर का निर्माण कराया गया। पहले तो भक्त पहाड़ी के दुर्गम रास्तों से ही दर्शन करने आते थे अब उनकी सुविधा के लिए रोप वे भी लगा दिया गया है।