अंतरिक्ष की हलचल : 10 करोड़ भीमकाय Black hole फैले हुए हैं ब्रह्मांड में
ब्रिटेन के एस्ट्रोनॉमर्स ने एक विशालकाय Black hole की खोज की है। यह सूर्य के द्रव्यमान से 33 अरब गुना बड़ा है। डरहम यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह अब तक खोजे गए सबसे विशालकाय ब्लैक होल्स में से एक है। खोज करने वाले वैज्ञानिकों की टीम का शोध जर्नल Monthly Notices of the Royal Astronomical Society में प्रकाशित हुआ है। शोध के मुख्य लेखक और डरहम यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ फिजिक्स के डॉ. जेम्स नाइटिंगल (Dr James Nightingale) का कहना है कि टीम के लिए यह खोज बेहद रोमांचक है। इस तरह के कई विशालकाय Black hole ब्रह्मांड में फैले हुए हैं। ये सूर्य के द्रव्यमान से 10 अरब से 40 अरब गुना तक बड़े हैं।
पिछले साल मैसाचुसेट्स के हार्वर्ड-स्मिथसोनियन सेंटर फॉर एस्ट्रोफिजिक्स और मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर एस्ट्रोनॉमी के वैज्ञानिकों ने एक बड़े Black hole की खोज की थी, जो पृथ्वी से 1,560 प्रकाश वर्ष दूर है। दो साल पहले एक विशालकाय Black hole गायब हो गया था, जो सूर्य से करीब 100 अरब गुना ज्यादा बड़ा था। नासा के वैज्ञानिक इसे अब तक नहीं ढूंढ पाए हैं।
दो के मिलन से गुरुत्वाकर्षण की लहरें
जब दो Black hole आपस में मिलते हैं, गुरुत्वाकर्षण की लहरें पैदा करते हैं। ये प्रकाश की गति से आगे बढ़ते हैं और अपने रास्ते में आने वाली हर चीज में खिंचाव पैदा कर सकते हैं। गुरुत्वाकर्षण तरंगों के सिद्धांत के अनुसार, इस तरह के विलय के दौरान जब एक दिशा में उत्पन्न तरंगों की मात्रा दूसरी दिशा की तरंगों से अधिक होती है तो नए बड़े Black hole को आकाशगंगा के केंद्र से विपरीत दिशा में भेजा जा सकता है।
एक विशाल Black hole हमारी आकाशगंगा में भी
खगोलविदों का मानना है कि ब्रह्मांड में करीब 10 करोड़ ऐसे Black hole हैं, जो सूर्य से कई अरब गुना ज्यादा विशाल हैं। हरेक आकाशगंगा के केंद्र में एक विशाल Black hole होता है। हमारी आकाशगंगा के केंद्र में जो Black hole है, उसे सैगिटेरियस-ए* कहा जाता है।