जयपुर. मकान व दुकान वापस मांगने पर (Shopkeeper murdered for asking loan money) आरोपियों ने साजिश के तहत एक दुकानदार की हत्या कर दी । इस प्रकार का मामला मृतक की पत्नी कंचन जागिड ने हरमाडा थाने में दर्ज कराया। प्राथमिकी में बताया कि शाम के समय दुकान बंद करने के बाद उसका पति परिचित राकेश कुमार जांगिड के साथ घर के लिए निकला, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। बाद में पति ने उसे फोन कर कहा कि हिसाब के लिए कुछ लोगों के साथ बैठा हूं, रात तक घर आऊंगा। लेकिन पति रात में घर नहीं आया। सुबह हरमाडा थाने से उसका शव मिलने की जानकारी दी गई। प्राथमिकी में उल्लेख किया है आरोपियों ने उसके पति से एक करोड से अधिक रुपए उधार लिए हुए थे, विमल उर्फ विजेन्द्र सिंह ने कुछ दिन के लिए उनका एक मकान काम के लिए लिया हुआ था। पति जब भी रुपए व मकान की मांग आरोपियों से करते तो जान से मारने की धमकी मिलती। घटना के दिन आरोपियों ने उधारी के विवाद का निपटारा करने के बहाने उसके पति को बुला लिया तथा रात में हत्या कर दी गई। प्राथमिकी में विमल सिंह,राहुल बंसल, जगदीश रैगर,अशोक दुषाद, गणेश जांगिड,हीरालाल खेतान व महिपाल को नामजद किया गया।