जयपुर। श्रावण पुरुषोत्तम माह के आखिरी सोमवार पर आज सर्वार्थसिद्धि योग, सोम पुष्य नक्षत्र व सिद्धि योग के साथ मास शिवरात्रि का विशेष संयोग बना है। शिवालयों में अलसुबह से ही भक्तों की कतारें लगी नजर आई। शिवजी के जलाभिषेक के लिए भक्त तड़के से ही मंदिरों में पहुंचे। मंदिर भी अलसुबह से ही हर—हर महादेव, ओम नम:शिवाय के जयकारों से गूंज उठे।
क्वींस रोड स्थित झाड़खंड महादेव मंदिर में तड़के से ही श्रद्धालुओं की कतारे लग गई। कतार में खड़े—खड़े भक्त हर—हर महादेव के जयकारे लगाते रहे। महादेवजी के जलाभिषेक के लिए भक्तों में होड सी लगी रही। मंदिर परिसर हर—हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर ट्रस्ट की ओर से शिवजी के जलाभिषेक के लिए पानी और रामझारों की व्यवस्था की गई। मंदिर में सुबह से ही कांवड़ यात्रा पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हुआ। शाम 5 बजे महादेवजी के विशेष झांकी के दर्शन होंगे।
चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में पट खुलने से पहले ही भक्त शिवजी के जलाभिषेक के लिए पहुंचे। देखते ही देखते भक्तों की कतार मंदिर के बाहर तक लग गई। वहीं ताड़क बाबा के जलाभिषेक के लिए भक्तों में होड़ सी लगी रही। भक्तों ने शिवजी के जलाभिषेक कर बिल्व पत्र, आक—धतुरा आदि अर्पित किए।
झोटवाड़ा रोड स्थित चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर, बनीपार्क स्थित जंगलेश्वर महादेव मंदिर, छोटी चौपड़ स्थित रोजगारेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ नजर आई। भक्तों ने शिवजी के जलाभिषेक के साथ बिल्व पत्र आदि अर्पित किए। शहर के बाहरी कॉलोनियों में भी शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखने को मिली।
कांवड़ यात्रा का दौर जारी
श्रावण सोमवार पर शहर में कांवड़ यात्राओं का दौर जारी रहा। गलता तीर्थ से सुबह से ही शहर के विभिन्न शिवालयों के लिए कांवड़ में जल लेकर भक्त रवाना हुए। परकोटे के साथ शहर की सड़कों पर कांवड़िए निकलते नजर आए। इस दौरान बोल बम ताड़क बम के जयकारे गूंजते रहे।