
15 जिलों में सोशल ऑडिट ग्राम सभाएं 24 को
जयपुर. प्रदेश के 15 जिलों की पंचायत समितियों में ग्रामीण विकास योजनाओं को लेकर सोशल ऑडिट ग्राम सभाएं 24 अक्टूबर को आयोजित होंगी। इन जिलों में 19 से 23 तारीख तक सोशल ऑडिट का कार्य चल रहा है। ग्राम सभाओं में अब इसकी रिपोर्ट रखी जाएगी। ग्राम सभाओं के पर्यवेक्षण के लिए राज्य स्तरीय सामाजिक लेखा परीक्षा, जवाबदेही एवं पारदर्शिता साेसाइटी ने मुख्यालय के दलों का गठन किया है।
यह सभी दल ग्राम सभा वाले दिन संबंधित जिलों में रहकर बैठक के बारे में अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे और सोसाइटी को सौंपेंगे। सोसाइटी ने इस बार दो चरणों में सोशल ऑडिट कराई है। पहले चरण में डूंगरपुर, पाली, झुंझुनूं, उदयपुर, सिरोही, कोटा, बीकानेर, जालोर, जैसलमेर, झालावाड़, बांसवाड़ा, बारां, प्रतापगढ़, राजसमंद और बाडमेर की 151 पंचायत समितियां शामिल हैं। शेष 18 जिलों के लिए अगले माह ऑडिट तय की गई है। गौरतलब है कि पिछले महीने सरपंचों और ग्राम विकास अधिकारियों के आंदोलन के दौरान राज्य सरकार ने ग्राम पंचायतों में सोशल आॅडिट की तारीखों का ऐलान कर दिया था। लेकिन सरपंचों और ग्राम विकास अधिकारियों से इस पूरी प्रक्रिया को बहिष्कार करने और ऑडिट नहीं कराने की घोषणा कर दी थी।
ऐसे में मजबूरन सरकार को उस वक्त सोशल ऑडिट की प्रक्रिया को स्थगित करने का निर्णय करना पड़ा। अब जबकि सरपंच और ग्राम विकास अधिकारियों ने सरकार के वार्ता के बाद अपना आंदोलन समाप्त कर दिया है, तो सरकार ने फिर से सभी पंचायत समितियों में यह सोशल ऑडिट कराने का कलैंडर जारी किया है। इन पन्द्रह जिलों के बाद शेष अट्ठारह जिलों में 10 से 16 अक्टूबर तक दूसरे चरण की सोशल ऑडिट कराई जाएगी।
Published on:
21 Sep 2022, 8:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.