
police action
जयपुर. कोकीन तस्करी के मामले में जयपुर में पिछले दिनों स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की गिरफ्त में आए विदेशी तस्कर को लेकर नित नए खुलासे हो रहे हैं। अपने आप को दक्षिण अफ्रीका का मूल निवासी बताए जा रहा तस्कर मूलत: नाइजीरिया का निवासी निकला। उसने अफ्रीकी नागरिक के नाम-पते से मुम्बई में जाली पासपोर्ट-वीजा बनवाया। जाली पासपोर्ट-वीजा के जरिए वह पिछले डेढ़ साल से तस्करी कर रहा था। वह देश में खुलेआम घूमता रहा, मादक पदार्थ सप्लाई करता रहा और किसी भी सुरक्षा एजेंसी की उस पर नजर नहीं पडी।
एसओजी के अुनसार गिरफ्तार विदेशी तस्कर का असली नाम चोकूमा जोसफ ओकोली है। उसने अब तक अपना नाम टोनी हैरीसन बता रखा था। एसओजी से पहले इस तस्कर को जनवरी में गोवा पुलिस ने भी गिरफ्तार किया था और उसका असली पासपोर्ट जब्त कर लिया था। जमानत पर छूटने के बाद उसने अपना नाम बदल कर टोनी हैरीसन, निवासी दक्षिण अफ्रीका कर जाली पासपोर्ट और वीजा बनवा लिया। गिरफ्तारी के बाद भी विदेशी तस्कर के हवाई जहाज के जरिए मादक पदार्थ की तस्करी में सक्रिय हो जाने से केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्य प्रणाली पर भी सवालिया निशान लग गया है। अब विदेशी तस्कर का असल नाम-पता सामने आने पर एसओजी ने अब नाईजीरिया के दूतावास को पत्र भेज कर जानकारी मांगी है।
हवाई जहाज से यात्रा कर की तस्करी
एसओजी ने बताया कि जोसफ फर्जी पासपोर्ट और वीजा के जरिए मार्च से अगस्त तक जयपुर के अलावा पंजाब और यूपी में हवाई यात्राएं कर कोकीन की सप्लाई कर चुका है। एसओजी का कहना है कि जोसफ के जयपुर सहित पुष्कर, आगरा और चंडीगढ़ में संपर्क सूत्रों को चिन्हित किया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग दलों को भेजा जाएगा।
जोसफ की रिमांड अवधि पूरी होने पर उसे अदातल में पेश किया गया, जहां से उसे दस सितंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया।
Published on:
8 Sep 2018, 12:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.