30 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आयुक्त को राजस्व की चिंता, महापौर घूमो जयपुर अभियान में व्यस्त…सफाईकर्मी रोक रहे हूपर, सडक़ पर आ रहा कचरा

सफाईकर्मियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी है। लेकिन, दोनों नगर निगम में से एक भी अब तक सफाई का वैकल्पिक इंतजाम नहीं कर पाया है। ग्रेटर निगम आयुक्त को राजस्व की चिंता सता रही है और महापौर ने घूमो जयपुर अभियान शुरू किया है। सफाईकर्मी हूपर रोक रहे हैं। इससे लोग सडक़ों पर कचरा फेंक रहे हैं।

2 min read
Google source verification
दोनों नगर निगम में से एक भी अब तक सफाई का वैकल्पिक इंतजाम नहीं कर पाया है।

दोनों नगर निगम में से एक भी अब तक सफाई का वैकल्पिक इंतजाम नहीं कर पाया है।

भर्ती प्रक्रिया के खिलाफ सफाईकर्मियों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। इससे दोनों निगम की स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी पर भी बट्टा लग गया है। घर- घर कचरा संग्रहण को रोकने के लिए सफाईकर्मियों ने टोलियां बनाईं और वार्डों में जाकर हूपर रोक दिए। कुछ हूपर को तो गैराज से ही नहीं निकलने दिया। हूपर कचरा लेने नहीं पहुंचे तो लोगों ने कचरा सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। हड़ताल का व्यापक असर हैरिटेज नगर निगम के परकोटा क्षेत्र में देखने को मिला। सुबह परकोटे के बाजारों में कचरे के ढेर लगे रहे। शाम तक को अस्थाई डिपो की संख्या बढ़ गई।इधर, संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ की ग्रेटर नगर निगम मुख्यालय में बैठक हुई। राज्य भर से आए नेताओं ने कर्मचारियों को संबोधित किया। सभा में अधिवक्ता विमल चौधरी ने कहा कि यूनियन का सहयोग करने का वादा किया।

दोनों निगम के पास बैकअप प्लान नहीं
सफाई कर्मचारी दो दिन से हड़ताल पर हैं, लेकिन दोनों शहरी सरकारों के आयुक्त, स्वास्थ्य शाखा और गैराज शाखा उपायुक्तों के पास कोई बैकअप प्लान नहीं है। जबकि, सफाई कर्मचारी पिछले कई दिन से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे रहे थे। समय रहते निगम तैयारी कर लेते तो शायद घर- घर का कचरा सड़क पर नहीं आता। अब दोनों नगर निगम के अधिकारी सरकार से उम्मीद लगाए बैठे हैं।


जारी रहेगी हड़ताल
शाम को 6:00 बजे डीएलबी निदेशक सुरेश ओला के साथ संघ की बैठक हुई थी। उन्होंने मांगों पर मार्गदर्शन लेने की बात कही थी। इस पर संघ सहमत नहीं है। जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
नंदकिशोर डंडोरिया, अध्यक्ष संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक


इधर, सफाई पर चर्चा नहीं...राजस्व की चिंता
ग्रेटर
नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को राजस्व की समीक्षा बैठक हुई। आयुक्त रूकमणी रियाड़ ने अधिकारियों को शत प्रतिशत राजस्व के लक्ष्य को अर्जित करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक नगरीय विकास कर और विज्ञापन शुल्क का लक्ष्य पूरा करें। बैठक में पीपीटी के माध्यम से नगरीय विकास कर और विज्ञापन शुल्क, जोन वाइज डिमांड नोटिस स्टेटस, नगर निगम मुख्यालय से जोनवार जारी कुर्की का विवरण, होर्डिंग नीलामी साइट, पार्किंग आदि पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में सभी जोन और मुख्यालय उपायुक्त के अलावा राजस्व अधिकारी भी मौजूद रहे।


महापौर ने शुरू किया "घूमो जयपुर"
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए घूमो जयपुर अभियान की शुरुआत बुधवार महापौर सौम्या गुर्जर ने की। वे सुबह जवाहर सर्कल पहुंचीं और लोगों से संवाद किया। उन्होंने जनता साथ दौड़ लगाई। पार्क में मौजूद लोगों को कपड़े के थैले भी दिए।

ये भी कहा
- जहां भी गंदगी मिले, उसे उठाकर कचरापत्र में डालें।
- बाजार में जाते वक्त कपड़े का थैला लेकर जाएं।
- सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें।

Story Loader