
गांधीनगर. गुजरात सरकार ने सूरत के मनपा आयुक्त एम नागराजन को पद से हटा दिया। यह कदम गुजरात हाईकोर्ट की ओर से की गई टिप्पणी के एक दिन बाद उठाया गया। इसके साथ ही राज्य सरकार ने नागराजन समेत तीन आइएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। सामान्य प्रशासन विभाग (कार्मिक) की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 2009 बैच के आइएएस नागराजन का तबादला कर उन्हें गांधीनगर में समग्र शिक्षा अभियान का राज्य परियोजना निदेशक नियुक्त किया गया है। वे अब तक इस पद पर रहे जे. रंजीत कुमार का स्थान लेंगे। नागराजन के तबादले के बाद सूरत जिला कलक्टर तेजस परमार सूरत महानगरपालिका आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। यह व्यवस्था गुजरात प्रांतीय नगर निगम अधिनियम, 1949 की धारा 39 के तहत की गई है। कुमार को गांधीनगर में गुजरात विद्युत नियामक आयोग (जीईआरसी) के सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। उनके पास इसका अतिरिक्त प्रभार भी था।
Updated on:
13 Aug 2026 06:01 am
Published on:
13 Aug 2026 06:01 am
