जयपुर। केन्द्र सरकार ने गुरुवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के परिणाम जारी कर दिए है। इसमें जयपुर के हैरिटेज नगर निगम ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि ग्रेटर नगर निगम दूसरे स्थान पर रहा है। देशभर के 4800 शहरों के बीच हुई सफाई की इस परीक्षा में हैरिटेज नगर निगम को 171वीं रैंक मिली है, जबकि ग्रेटर निगम को 173वीं रैंक मिली है। इस स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में इंदौर व सूरत ने बाजी मारते हुए संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। इंदौर लगातार सातवीं बार पहले स्थान पर रहा है।
एक लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में प्रदेश के हैरिटेज नगर निगम को पहला स्थान मिला है। इसे लेकर दिल्ली के प्रगति मैदान पर आयोजित समारोह में मेयर मुनेश गुर्जर ने अवार्ड ग्रहण किया। उत्कृष्ठ सफाई व्यवस्था के लिए हेरिटेज नगर निगम को यह सम्मान मिला है। अवार्ड लेते समय मेयर मुनेश गुर्जर के साथ निगम आयुक्त अभिषेक सुराणा और स्वास्थ्य उपायुक्त नूर मोहम्मद भी साथ रहे।
पिछली बार से पिछड़े
राजधानी के दोनों नगर निगम की पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 की तुलना में रैंक गिरी है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में हैरिटेज नगर निगम की 26वीं और ग्रेटर नगर निगम की 33वीं रैंक थी।
9500 अंक का हुआ सर्वेक्षण
स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 कुल 9500 अंक का हुआ। इसमें सर्विस लेवल प्रोग्रेस पर 4525, सर्टिफिकेशन पर 2500 और पब्लिक फीडबैक के 2475 अंक निर्धारित किए गए।