
चित्रदुर्ग. श्री गोडी पाश्र्वनाथ जैन श्वेतांबर संघ के तत्वावधान में आषाढ़ सुदि चौमासी चौदस के पावन अवसर पर चातुर्मास का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। गौतम लब्धि तप प्रेरणादाता साध्वी कृपाज्योति आदि ठाणा-5 के पावन सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्म आराधना का लाभ लिया। प्रात: 5.30 बजे श्री राजेंद्र भवन में पुरुषों के लिए प्रतिक्रमण एवं पौषध की विशेष व्यवस्था की गई। इसके पश्चात प्रात: 9.30 बजे श्री गोडी पाश्र्व भवन में आयोजित धर्मसभा में साध्वी कृपाज्योति ने धर्म, तप, संयम और आत्मशुद्धि का प्रेरक संदेश दिया। प्रवचन के दौरान शांत सुधारस ग्रंथ वोहराने का चढ़ावा बोला गया तथा श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक धर्मलाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर सांकली अठम तप एवं बियासना की आराधना करने वाले धार्मिक पाठशाला के बच्चों का सम्मान किया गया। वहीं गौतम लब्धि तप की साधना करने वाले तपस्वियों ने अपने-अपने तप कार्ड बनवाकर चातुर्मास की आराधना का शुभारंभ किया। पूरे वातावरण में भक्ति, तप और संयम की भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में संघ के ट्रस्टी पृथ्वीराज गांधी मुदा, अशोक कुमार वाणीगोता, वीरेंद्र कुमार पोरवाल, रमेश कुमार बोहरा, पूर्व ट्रस्टी वस्तीमल वाणीगोता, सौभागमल पोरवाल, प्रेमचंद नाहर, अशोक कुमार पटवारी तथा रणजीत पटीयात सहित सैकड़ों जैन श्रद्धालु, श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।
Updated on:
29 Jul 2026 06:00 am
Published on:
29 Jul 2026 06:00 am
