
जयपुर। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाते हुए शुक्रवार देर रात परकोटे में औचक निरीक्षण किया। आयुक्त ने रात 11:30 बजे न्यू गेट से पैदल दौरा शुरू किया और जोरावर सिंह गेट, जौहरी बाजार, नेहरू बाजार, हवा महल, जल महल, सुभाष चौक, बापू बाजार और रामगढ़ मोड़ सहित करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानी।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त को कई स्थानों पर गंदगी और कचरे के ढेर नजर आए, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। विशेष रूप से हवामहल के पास डिवाइडरों पर कचरा मिलने पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई के निर्देश दिए।
साथ ही सड़क किनारे रखे डस्टबिन समय पर खाली नहीं होने पर भी नाराजगी जाहिर की और नियमित रूप से कचरा उठाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने साफ-सफाई में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गंदगी फैलाने वाले थड़ी-ठेला संचालकों के मौके पर ही चालान काटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए, ताकि शहर की स्वच्छता बनी रहे।
परकोटे में फैले अवैध केबलों को भी आयुक्त ने गंभीरता से लिया और इन्हें हटाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अव्यवस्थित केबल न केवल शहर की सुंदरता बिगाड़ते हैं, बल्कि दुर्घटना का कारण भी बन सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने आमजन से भी बातचीत कर सफाई व्यवस्था पर फीडबैक लिया। स्थानीय लोगों ने कई जगह नियमित सफाई नहीं होने और कचरा समय पर नहीं उठने की शिकायतें कीं, जिस पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।
इस दौरान आयुक्त ने सफाई कर्मचारियों से भी संवाद किया और उनके कार्य की सराहना करते हुए उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि जयपुर की पहचान स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में बनी रहे।
Published on:
11 Apr 2026 09:00 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
