
शहर में कहीं भी सरकार के विरोध में प्रदर्शन... बंद कर दी जाती है सिविल लाइंस की मुख्य सड़क
जयपुर. राजधानी में कहीं पर भी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो... पुलिस सुबह से ही सिविल लाइंस की मुख्य सड़क बंद कर देती है। इससे आमजन को कितनी भी तकलीफ हो... फिर सुनने वाला कोई नहीं। पुलिस ने बुधवार को भी सिविल लाइंस की मुख्य सड़क बंद कर दी। इससे चारों तरफ जाम लग गया। स्कूली बच्चों, एम्बुलेंस और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दरअसल भाजपा महिला मोर्चा ने बुधवार दोपहर को सिविल लाइंस फाटक के पास प्रदर्शन किया, लेकिन पुलिस ने सुबह नौ बजे ही सिविल लाइंस में सख्ती बढ़ा दी और आवाजाही बाधित कर दी।
बच्चों को पता नहीं अब कहां जाएं
पुलिस ने सिविल लाइंस फाटक और राजभवन सर्कल पर बैरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया। राजभवन सर्कल पर स्कूली छात्रा आस्था और उसका भाई अर्पित वाहनों की रेलमपेल में राह भटक गए। पत्रिका संवाददाता ने दोनों को परेशान देख बात की तो उन्होंने बताया कि इमलीवाला फाटक पर उनका घर है। स्कूल से ऑटो में लौट रहे थे। सिविल लाइंस फाटक और आगे की तरफ जाम देखकर ऑटो चालक ने दोनों को वहां उतार दिया। दोनों भटकते हुए यहां पहुंच गए। उन्हें पता नहीं अब कहां से जाएं। दोनों ने संवाददाता से कहा कि... प्लीज अंकल मम्मी से मोबाइल पर बात करवा दाे। मोबाइल पर बात करवाई तो उनकी मम्मी जाम में सिविल लाइंस फाटक पर फंसी थी। बाद में दोनों बच्चों को लेने राजभवन सर्कल पहुंची।
फाटक पर पहुंच गया, लेकिन वहां तो पूरा ही रास्ता बंद
सोडाला निवासी ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि वे सिविल लाइंस फाटक तक बाइक से पहुंच गए, लेकिन पुलिस ने रोड बंद कर रखी है। समझ में नहीं आ रहा कहां से सी स्कीम की तरफ जाऊं।
जाम लगा है... साधन मिल नहीं रहा...पैदल ही लेकर आया
रमेश कुमार एक बच्चे को गोद में लेकर पैदल ही बाईस गोदाम की तरफ जा रहा था। रमेश ने बताया कि अजमेर पुलिया की तरफ आधार कार्ड बनाने गए थे। लौटते समय सिविल लाइंस का रास्ता बंद था। कोई साधन भी नहीं मिला।
इनको होती है परेशानी
अजमेर रोड पर बसी कॉलोनियां, सिविल लाइंस, सी-स्कीम, परकोटा, जेएलएन मार्ग सहित अन्य स्थानों के निवासी अजमेर पुलिया, बाईस गोदाम पुलिया और सिविल लाइंस फाटक से आवागमन करते हैं। एसएमएस हॉस्पिटल और रेलवे स्टेशन आने जाने वाले हजारों वाहन निकलते हैं। ऐसे में सिविल लाइंस की मुख्य सड़क बंद कर देने से वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाकर बाईस गोदाम और अजमेर पुलिया से आना जाना पड़ता है। दोनों पुलिया और आस पास के मार्ग पर वाहनों का दबाव रहता है और सिविल लाइंस से निकलने वाले वाहनों को यहां से डायवर्ट कर दिया जाता है, जिससे चारों तरफ जाम लग जाता है।
.................
ये होना चाहिए
- शहर के बीच में किसी को भी धरना प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं देनी चाहिए
- धरना प्रदर्शन का स्थान चिह्नित होना चाहिए
- जरूरत होने पर वीवीआईपी मूवमेंट से कुछ पल पहले ही आवाजाही रोकनी चाहिए, इस दौरान एम्बुलेंस को रास्ता देना चाहिए
- कहीं पर रास्ता बंद किया जाए तो सहायता बूथ साथ में लगाए जाएं, ताकि भटकने की बजाय लोग वहां से मदद ले सकें
Published on:
06 Jul 2023 01:07 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
