
ग्रामीणों ने जिला कलक्टर से की सफाई, मरम्मत और संरक्षण की मांग
राजमहल. राजस्व विभाग और ग्राम पंचायत प्रशासन की अनदेखी के चलते कस्बे के मुख्य बाजार स्थित लाखों रुपये की लागत से निर्मित सरकारी पटवार भवन जर्जर होकर खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। भवन परिसर और उससे सटे मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण संतोष वैष्णव, बाबूलाल, हंसराज सहित अन्य लोगों ने बताया कि पटवार भवन असामाजिक तत्वों की शरणस्थली बनने के साथ ही कचरा डालने का स्थान बन गया है। परिसर में फैली गंदगी की सफाई के लिए कई बार ग्राम पंचायत प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान परिसर में जमा कचरा पानी के साथ बहकर आसपास के घरों तक पहुंच जाता है। इससे दुर्गंध फैलने के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। वहीं भवन के जर्जर होने के कारण किसानों को हल्का पटवारी से संबंधित कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि समय रहते राजस्व विभाग ने ध्यान नहीं दिया तो यह भवन अतिक्रमण की भेंट भी चढ़ सकता है। उन्होंने जिला कलक्टर टोंक को पत्र भेजकर पटवार भवन की मरम्मत, परिसर व मुख्य मार्ग की सफाई तथा भवन के संरक्षण की मांग की है।
फोटो कैप्शन:
आरएम 0608 सीसी — राजमहल. मुख्य बाजार स्थित पटवार भवन परिसर में फैली गंदगी।
Updated on:
06 Aug 2026 06:02 am
Published on:
06 Aug 2026 06:02 am
