जयपुर. मौसम हर दिन अलग रंग दिखा रहा है। शहर में सुबह उमस भरी गर्मी रही। दिन चढऩे के साथ-साथ गर्मी भी बढ़ती गई। देर रात हुई बरसात ने लोगों को गर्मी से राहत दे दी। दिन में तापमान 39.8 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन देर रात बरसात हुई। रात 10 बजे बाद शहर में तेज आंधी चली। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रही। आंधी चलने के साथ ही आसमान में बिजली चमकने और बादल गरजने लगे। शहर में हल्की बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में बरसात तेज हो गई। इस दौरान हवा भी चलती रही। बारिश होने से मौसम भी सुहावना हो गया और लोगों को उमस से भी राहत मिली। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी आंधी और बारिश के आसार जताए हैं।