
राजस्थान में लोकसभा चुनाव के बीच शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत देने का संकेत दिया है। मंत्री दिलावर ने रविवार को आयोजित हुए जोधपुर में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में स्थित सिंधु महल में शिक्षा परिवार के कार्यक्रम में कहा कि शिक्षक बनने के लिए अब अलग-अलग एग्जाम देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शिक्षा विभाग एक एंट्रेंस टेस्ट पॉलिसी तैयार कर रहा है।
शिक्षामंत्री दिलावर ने कार्यक्रम में कहा कि राजस्थान सरकार अब शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर बड़ा कदम उठाने जा रही है। बीएड कोर्स को लेकर भी सरकार परिवर्तन का मन बना रही है। उन्होंने बताया कि अभी बड़ी तादाद में छात्र बीएड करते हैं, लेकिन खर्चा करने के बाद भी बेरोजगार रहते हैं।
शिक्षामंत्री ने कहा कि उनकी सरकार चाहती है कि सभी श्रेणी के रिक्त पदों की गणना कर एक परीक्षा आयोजित की जाए और मेरिट के आधार पर श्रेणीवार चयन किया जाए, जिसके बाद बी एड करवाया जाए और बीएड पास करने के बाद तत्काल नियुक्ति पत्र दिया जाए। अधिकारियों के साथ इसे लेकर विचार करने को कहा गया है।
दिलावर ने कहा कि सरकार गवर्नमेंट और प्राइवेट स्कूलों की यूनिफॉर्म एक जैसी करने की भी तैयारी कर रही है। इसे जल्द ही लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म, जूता, टाई आदि के नाम पर अभिभावकों को एक ही दुकान से खरीदने के लिए विवश किया जाता है, जिससे मनमाने दाम वसूले जाते हैं। सरकार अब विचार कर रही है कि सभी स्कूलों के यूनिफॉर्म में एकरूपता लाई जाए, जिससे अमीर गरीब का भेद मिटे और अभिभावक किसी भी दुकान से गणवेश खरीद सकें।
Published on:
22 Apr 2024 02:55 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
