
three killed in accident
- श्रीगंगानगर जिले के सदर थाने का मामला
अक्सर रफ्तार जिंदगियों पर भारी पड़ती है, लेकिन फिर भी लोग मानने को तैयार नहीं होते। इसी जल्दबाजी ने एक बार फिर से तीन लोगों की जान ले ली। श्रीगंगानगर और दूदू में आज सवेरे हुए दो सड़क हादसों में कई घरों की खुशियां कुचल गईं। तेज रफ्तार एक बस बाइक को ओवरटेक करने के चक्कर में टैंपो से टकरा गई। बस टैंपो को टक्कर मारने के बाद पेड़ से जा टकराई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा आज सुबह श्रीगंगानगर जिले के सदर थाना इलाके में हुआ। पुलिस के अनुसार सुबह करीब आठ बजे पदमपुर रोड पर सदर थाने से आठ किमी दूर सारणावाली गांव में एक बस बाइक को ओवरटेक करने के चक्कर में बेकाबू होकर आगे चल रहे टैंपो से टकरा गई। इसके बाद बस एक पेड़ से टकरा कर रुक गई। हादसे में टैंपो में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार करीब बीस लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंच कर पुलिस ने घायलों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया, जहां पर दो की हालत नाजुक है। बस की टक्कर से टैंपो के परखच्चे उड़ गए। बस टक्कर से टैंपो उछल कर दूर जा गिरा। हादसे के बाद घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
आगे चल रहे ट्रक में घुसा ट्रक, चालक की मौत
वहीं नेशनल हाइवे आठ पर दांतरी गांव के पास तेज रफ्तार एक ट्रक आज अलसुबह बेकाबू होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसा दूदू थाना इलाके का है। पुलिस के अनुसार करीब पांच बजे दांतरी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक आगे चल रहे ट्रक में जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। सूचना पर दूदू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ट्रक चालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
Published on:
17 May 2018, 3:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.