
जयपुर। विधानसभा आम चुनाव, 2018 के लिए नामांकन पत्र वापसी के पहले दिन बुधवार को प्रदेश में 86 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए। आज नाम वापसी का अंतिम दिन है। आज दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद ही चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी। दोनों ही प्रमुख पार्टियां अपने बागियों को मनाने में लगी हैं। आज कई बागी अपने नाम वापस ले सकते हैं।
जयपुर जिले में 5 विधानसभा क्षेत्रों से 12 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए। अब जयपुर जिले की 19 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 427 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अब तक प्रदेश में 612 प्रत्याशियों के नामांकन खारिज हुए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र हवामहल से सर्वाधिक 6 निर्दलीय प्रत्याशियों अब्दुल सलाम, हाजी अफताब, इमरान, मो. अफजल, मो. इस्लाम और नासीर खान ने नामांकन वापस लिए हैं। इसी तरह सिविल लाइन्स से 2 निर्दलीय प्रत्याशियों मो. इस्माइल व शहजाद खां, आदर्श नगर से 2 निर्दलीय प्रत्याशियों अब्दुल हामिद व संदीप सामरिया, विराटनगर से निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप शर्मा एवं जमवारामगढ़ से आप प्रत्याशी टीका राम ने अपने नामांकन वापस लिए।
गौरतलब है कि जयपुर जिले से 19 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 506 अभ्यर्थियों ने 632 नामांकन पत्र दाखिल किए थ।। जांच के बाद 439 प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए। अब 12 प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद 427 प्रत्याशी मैदान में हैं। आज दोपहर 3 बजे बाद प्रत्याशियों की वास्तविक स्थिति का पता चलेगा।