
फाइल फोटो: पत्रिका
Traffic Police Special Camping: जयपुर शहर के व्यस्त चौराहों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थित यातायात और अवैध होर्डिंग्स से परेशान वाहन चालकों को अब जल्द राहत मिल सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों की व्यवस्था सुधारने और उन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी है। प्रत्येक अधिकारी को एक-एक चौराहे की निगरानी और सुधार कार्य की जिम्मेदारी दी जाएगी ताकि व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
डीसीपी (ट्रैफिक) योगेश गोयल ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान चौराहों की स्थिति, यातायात व्यवस्था और वहां किए जा रहे सुधार कार्यों की लगातार समीक्षा की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
इस विशेष मुहिम का मुख्य उद्देश्य शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना और वाहन चालकों को सुरक्षित और सुगम सफर उपलब्ध कराना है। इसके तहत सबसे पहले चौराहों के आसपास लगे अवैध होर्डिंग्स, पोस्टर और बैनर हटाए जाएंगे। कई स्थानों पर ऐसे होर्डिंग्स वाहन चालकों का ध्यान भटकाने के साथ दृश्यता भी बाधित करते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। नगर निगम के सहयोग से इन्हें हटाने का काम शुरू किया गया है। साथ ही, प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात संकेतकों की स्थिति का भी विशेष निरीक्षण किया जा रहा है।
इसके अलावा फुटपाथों और फ्री लेफ्ट टर्न के आसपास फैले अतिक्रमण, मलबे और कचरे को भी हटाया जाएगा। इससे वाहन चालकों को मोड़ लेने में आसानी होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी। जिन चौराहों पर दिशा सूचक बोर्ड खराब या धुंधले हो चुके हैं, वहां नए और चमकीले संकेतक लगाए जाएंगे। रात में सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए डिवाइडरों पर नई रिफ्लेक्टर पट्टियां और रोड मार्किंग भी की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस चौराहों के सौंदर्याकरण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। डिवाइडरों और रेलिंगों की मरम्मत कर उन्हें आकर्षक बनाया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि साफ-सुथरे और व्यवस्थित चौराहे वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने में भी मदद करेंगे।
Published on:
26 May 2026 08:02 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
